*दादा धर्माधिकारी की 125 वी जयंती पर 18 जून को मुलताई में आयोजित होंगा कार्यक्रम ,आयोजन  को लेकर हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त मुख्य न्यायाधीश श्री धर्माधिकारी ने दी जानकारी*

मुलताई✍️ विजय खन्ना 

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और लेखक दादा धर्माधिकारी की 125 वी जयंती के अवसर पर आगामी 18 जून को उनकी जन्मस्थली पवित्र नगरी में जयंती समारोह आयोजित होंगा। गौरतलब है कि  प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी लेखक और गांधीवादी चिंतक दादा धर्माधिकारी का जन्म पुण्य सलिला मां ताप्ती के उद्गम स्थल मुलताई में बीते 18 जून 1899 को हुआ था। उनका वास्तविक नाम शंकर त्रिंबक धर्माधिकारी था। लेकिन वह दादा धर्माधिकारी के नाम से ही जाने जाते थे। दादा धर्माधिकारी गांधी सेवा संघ के सक्रिय कार्यकर्ता थे और नागपुर में शिक्षा ग्रहण करने के दौरान ही शिक्षा छोड़कर महात्मा गांधी द्वारा प्रारंभ किए गए असहयोग आंदोलन में सक्रिय हो गए थे। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान गिरफ्तार हुए थे  और उसके बाद रिहा होने पर मध्य प्रदेश असेंबली के सदस्य और संविधान परिषद के सदस्य भी चुने गए थे । दादा धर्माधिकारी ने अपने जीवन का लंबा समय दलितों और महिलाओं के उत्थान में लगाया। दादा धर्माधिकारी वैचारिक क्रांति के पक्षधर थे ।उनकी मान्यता थी कि समाज में परिवर्तन के लिए लोगों के विचारों में परिवर्तन आवश्यक है। दादा धर्माधिकारी की  दो दर्जन से अधिक पुस्तके भी प्रकाशित हुई है। शुक्रवार को मुलताई पहुंचे गुजरात हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश और मानव अधिकार आयोग मध्य प्रदेश के अध्यक्ष पद पर  पदस्थ रहे सेवानिवृत्त न्यायाधीश डी डी धर्माधिकारी,   बैतूल के वरिष्ठ समाजसेवी राजीव खंडेलवाल, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी विश्वास धर्माधिकारी ने  जयंती समारोह के आयोजन को लेकर जानकारी दी। नगर के रेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में सेवानिवृत्त न्यायाधीश श्री धर्माधिकारी और श्री खंडेलवाल  ने  बताया 18 जून को जयंती समारोह नगर के बैतूल रोड पर स्थित अरिहंत मैरिज लान में  आयोजित होंगा। जिसमे दादा धर्माधिकारी के परिजन के साथ अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे। श्री खंडेलवाल ने बताया दादा धर्माधिकारी की जन्मस्थली मुलताई है। लेकिन वर्तमान पीढ़ी दादा धर्माधिकारी के विचार और  उनके जीवन से कम ही परिचित हैं। दादा धर्माधिकारी के विचारों को  जन जन तक पहुंचाने और युवा पीढ़ी को उनके जीवन दर्शन से अवगत कराने  के उद्देश्य से  उनकी जन्मस्थली पर जयंती समारोह का आयोजन  किया जा रहा है। जयंती समारोह के लिए गठित समिति में  समाजसेवी राजू पाटनकर को संयोजक  का दायित्व सौंपा गया है। समिति संयोजक  श्री  पाटनकर ने बताया इस आयोजन मे सभी नगरवासियों का सहयोग लिया जाएगा।इस  दौरान पंडित विश्वकसेन देशमुख, भाजपा नेता तपन खंडेलवाल, अधिवक्ता प्रशांत भार्गव भी उपस्थित थे।