विधायक निलय डागा के वाहन में सवार हुए राहुल गांधी

कैंप से यात्रा प्रारंभ स्थल तक विधायक का इनोवा वाहन प्रतिदिन देगा सेवाएं

कांग्रेस महासचिव के साथ कदमताल करते भी नजर आए विधायक डागा

 

बैतूल। भारत जोड़ो पदयात्रा का मध्य प्रदेश में प्रवेश हो चुका है। मध्य प्रदेश में परिवहन की पूरी जिम्मेदारी कांग्रेस विधायक निलय विनोद डागा द्वारा संभाली जाएगी। मिली जानकारी के अनुसार विधायक निलय डागा के वाहन इनोवा एमपी 48 बीसी 9100 में सवार होकर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कैंप से पदयात्रा प्रारंभ स्थल तक पहुंचेंगे। वहीं वापस कैंप तक पहुंचने के लिए भी विधायक के वाहन का उपयोग किया जाएगा। भारत जोड़ो पदयात्रा बुरहानपुर पहुंचने के बाद बैतूल विधायक निलय डागा के वाहन में सवार होकर राहुल गांधी बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव पहुंचे। यहां से मध्यप्रदेश में पदयात्रा शुभारंभ किया गया।

गौरतलब है कि पीसीसी द्वारा विधायक निलय डागा को भारत जोड़ो पद यात्रा के लिए प्रदेश में परिवहन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परिवहन की जिम्मेदारी मिलने के बाद श्री डागा लगातार भारत जोड़ो पदयात्रा के संपर्क में है। राहुल गांधी की अगुवाई में भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र से गुजरने के बाद दक्षिण का द्वार कहे जाने वाले बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव से बुधवार सुबह मध्य प्रदेश में दाखिल हुई थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के कैंप से पदयात्रा प्रारंभ होने वाले नियत स्थान तक राहुल गांधी विधायक निलय डागा के वाहन इनोवा एमपी 48 बीसी 9100 में सवार होकर पहुंचे थे। यात्रा में राहुल गांधी के साथ हजारों की संख्या में यहां से कांग्रेसियों ने पदयात्रा शूरू की। यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में तिरंगे झंडे लहराते हुए बोदरली गांव पहुंचे थे। इस गांव में यात्रा के स्वागत के लिए सभास्थल को खासतौर पर केलों के पत्तों से सजाया गया था, क्योंकि यह इलाका केले की खेती का गढ़ है।

--कांग्रेस महासचिव के साथ यात्रा में शामिल हुए विधायक--

भारत जोड़ो पदयात्रा में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ विधायक निलय डागा भी कदमताल करते नजर आए। राहुल गांधी ने बोदरली से चलना शुरू किया तो सभी प्रमुख कांग्रेस नेता उनके साथ थे। विधायक निलय डागा भी यात्रा में राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के साथ चल रहे थे। कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारत जोड़ो यात्रा 12 दिनों में 386 किमी मध्य प्रदेश में चलेगी। इस दौरान बुरहानपुर, खड़वा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा जिले से यात्रा निकलेगी। 4 दिसंबर को यात्रा आगर मालवा जिले से राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। मध्य प्रदेश में यात्रा के दौरान विधायक निलय डागा परिवहन की पूरी जिम्मेदारी संभालेंगे। यात्रा में अलग-अलग स्थान पर उपयात्राएं भी शामिल होगी। उप यात्राओं में अलग-अलग जिले के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।