भोपाल । मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम और पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ बुधवार को दिल्ली दौरे पर थे। बताया जा रहा है कि नाथ दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे से मिले। इस दौरान उनके साथ प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल भी थे। नाथ के दिल्ली पहुंचने के बाद ही इधर इंदौर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। वहीं कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि देर सबेर ही सही लेकिन जब भी शहर अध्यक्ष की घोषणा होगी उसमें इंदौर की कमान अरविंद बागड़ी या गोलू अग्निहोत्री में से किसी एक को मिलने की चर्चाएं हैं।
इंदौर कांग्रेस में ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब कांग्रेस नेताओं में चल रही गुटबाजी के कारण किसी नेता को अपना मिलता हुआ पद छोडऩा पड़ा हो। 22 जनवरी 2023 को भी आपसी गुटबाजी की वजह से अरविंद बागड़ी को भी शहर अध्यक्ष पद से हाथ धोना पड़ गया था। लेकिन अब बुधवार को कमल नाथ के दिल्ली पहुंचने से शहर अध्यक्ष की घोषणा को लेकर अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों की मानें तो शहर अध्यक्ष को लेकर नाम लगभग तय हो चुका है, जिसकी जल्द ही घोषणा हो जाएगी। वहीं इंदौर शहर अध्यक्ष के मामले में दोनों ग्रामीण विधायक जीतू पटवारी और विशाल पटेल के साथ ही शहरी विधायक संजय शुक्ला किसी भी प्रकार की बात करने से बच रहे हैं।


अध्यक्ष के साथ बनाए जाएंगे तीन कार्यकारी अध्यक्ष
कांग्रेस पदाधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार आलाकमान शहर अध्यक्ष के साथ ही तीन से चार कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त करेगा। कार्यकारी अध्यक्ष के लिए अमन बजाज का नाम यूथ कांग्रेस की तरफ से आगे बढ़ाया गया है। 2017 में भी यूथ कांग्रेस ने अमन का नाम भेजा था। इसी तरह देवेंद्र यादव के लिए महेंद्र जोशी और शोभा ओझा ने लॉबिंग की है। वहीं कार्यकारी अध्यक्ष के लिए एक नाम लच्छू मिमरोट का भी बताया जा रहा है। जिसकी लॉबिंग विशाल पटेल और स्वप्निल कोठारी की ओर से की जा रही है। हालांकि इस नाम पर अभी सहमति होना बाकी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अरविंद बागड़ी का नाम राहुल गांधी के यहां से फाइनल हुआ था। इसलिए कमलनाथ अब तक उनकी जगह कोई नए नाम की घोषणा नहीं कर पाए हैं। जबकि कमलनाथ चाहते हैं कि गोलू अग्निहोत्री या अन्य किसी के नाम पर भी विचार किया जाना चाहिए।


प्रभारियों के भरोसे चल रही इंदौर कांग्रेस
इंदौर शहर कांग्रेस से विनय बाकलीवाल को 21 जनवरी को हटाकर उनके स्थान पर अरविंद बागड़ी को अध्यक्ष बना दूसरे ही दिन कमलनाथ ने उनको होल्ड कर दिया था। लगभग 6 महीने से शहर कांग्रेस अध्यक्ष का पद खाली पड़ा हुआ है। तब से ही इंदौर कांग्रेस का पूरा काम काम प्रभारियों के भरोसे चल रहा है। वहीं इंदौर आने वाला कांग्रेस का हर बड़ा नेता इंदौर कांग्रेस के दावेदारों और कार्यकर्ताओं को दिलासा और तारीख देकर आगे बढ़ जाते हैं। विनय बाकलीवाल भी अध्यक्ष बनने के लिए ताकत लगा रहे हैं। एक समय कमलनाथ के खास रहे बाकलीवाल अब दिग्विजय सिंह को साधने में लगे हुए हैं। लेकिन अरविंद बागड़ी को अध्यक्ष बनाने के बाद गांधी भवन पर प्रदर्शन में उनके समर्थकों द्वारा अरविंद का पुतला दहन उन्हें भारी पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान कमलनाथ मुर्दाबाद के भी नारे लगे थे। ये वीडियो पूरे शहर में खूब वायरल हुए थे।