देववाड़वी में ‘जनजातीय गरिमा उत्सव’ का हुआ आयोजन
रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जनजातीय समुदाय के सशक्तिकरण तथा सुदूर ग्रामीण अंचलों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के विकासखंड अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम देववाड़वी में क्लस्टर स्तरीय ‘सुशासन तिहार’, ‘जनजातीय गरिमा उत्सव’ एवं ‘जनभागीदारी अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में नए आधार कार्ड बनाने, आधार में त्रुटि सुधार तथा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेटेशन का कार्य मौके पर ही किया गया।
सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान तथा शिक्षा और स्वास्थ्य पर जोर
इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज को शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा में सशक्त रूप से स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान तथा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वरोजगार के अवसरों का विस्तार ही समाज के समग्र विकास का आधार है।
ग्रामीणों की सुविधा के लिए स्थल पर विशेष शिविर
कार्यक्रम की शुरुआत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों द्वारा संयुक्त रूप से ‘ट्रांसेक्ट वॉक’ के साथ की गई। इस दौरान गांव की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों, बुनियादी सुविधाओं एवं आवश्यकताओं का जमीनी स्तर पर अवलोकन किया गया, ताकि भविष्य की विकास योजनाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी ढंग से तैयार किया जा सके। ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर स्थल पर विशेष आधार एवं डिजिटल सेवा शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में नए आधार कार्ड बनाने, आधार में त्रुटि सुधार तथा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेटेशन का कार्य मौके पर ही किया गया। इससे ग्रामीणों को ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली और डिजिटल सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान हुई। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शिविर में आए ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मौसमी बीमारियों की जांच, बीपी एवं शुगर टेस्ट के साथ आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
शासकीय विभागों ने लगाए जनजागरूकता के लिए स्टॉल
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा सूचनात्मक एवं जनजागरूकता स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से कृषि, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा अन्य विभागों की योजनाओं की जानकारी सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाई गई। अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी।
इस आयोजन में जिला एवं विकासखंड स्तर के प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने शासन और ग्रामीण समुदाय के बीच संवाद एवं सहभागिता को मजबूत करने के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीणजनों एवं अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही।


राशिफल 26 मई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सिलाई और कृषि कार्य से आत्मनिर्भर बनीं चंदखुरी की लता देवांगन
देववाड़वी में ‘जनजातीय गरिमा उत्सव’ का हुआ आयोजन
सड़क सुरक्षा में देवास पुलिस का प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन — राहत, उपचार और जागरूकता के समन्वित मॉडल से बनी नई पहचान
मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर BJP की खास तैयारी, 5 जून से अभियान शुरू
अशोकनगर के डायल-112 हीरोज
मनरेगा से बदली खेती की तस्वीर : खैराडीह में पक्की सिंचाई नाली बनी किसानों की जीवनरेखा
राजस्व प्रकरणों का तय समय-सीमा में हो निराकरण: राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा