*कुएं में गिरी 5 वर्षीय पुत्री को बचाने कुएं में कूदा पिता भी पानी में डूबा,  पुत्री के साथ  पिता की भी गई जान*

मुलताई✍️ विजय खन्ना 

थाना क्षेत्र के ग्राम हिवरा में कुएं में डूबी बेटी को बचाने के लिए कुएं में कूदा   पिता  भी कुएं में भरे लबालब पानी में डूब गया। इस दर्दनाक घटना में पिता और पुत्री दोनों की मौत हो गई। दुनावा पुलिस चौकी के सहायक उप निरीक्षक आर एस ठाकुर ने बताया ग्राम हिवरा निवासी रामदास पिता सुक्कू दौंडी 35 साल बुधवार को परिजनों के साथ ग्राम से कुछ दूरी पर  हिवरा डैम के पास स्थित खेत में गेहूं की फसल काटने गया था। परिजनों के साथ रामदास की पांच वर्षीय   पुत्री गुनगुन भी खेत गई थी। दोपहर 12:30 बजे के दरमियान गुनगुन शौच करने के लिए डैम के नीचे नाले के किनारे स्थित कुएं के पास गई। डैम से पानी का रिसाव होने के चलते कुएं में लबालब पानी भरा हुआ था। कुए के पास मिट्टी में फिसलन होने के कारण गुनगुन का पैर फिसल गया और वह कुएं में गिर गई। रामदास ने पुत्री गुनगुन को कुएं में गिरता देखा तो बचाने के लिए कुएं में कूद गया ।लेकिन रामदास को तैरना नहीं आता था।कुएं में भरे  गहरे पानी में चले जाने से रामदास और गुनगुन की डूबने से मौत हो गई। फसल कटाई कर रहे ग्रामीणों ने दोनों को कुएं से बाहर निकाला और घटना की सूचना दुनावा पुलिस चौकी में दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौके पंचनामा बनाने के बाद पिता और पुत्री के शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है।