1089 दिन का इंतजार खत्म, बिश्नोई ने कोहली को किया आउट
राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के 16वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से शिकस्त दी। इस मैच में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 201 रन बनाए। हालांकि, आरआर ने इस लक्ष्य को 18 ओवर में ही चेज कर लिया। मैच में राजस्थान के स्पिनर रवि बिश्नोई ने कुछ ऐसा किया, जिसे तीन साल में बड़े-बड़े गेंदबाज नहीं कर पाए। उन्होंने आरसीबी के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली को क्लीन बोल्ड किया। कोहली बिश्नोई की गुगली को नहीं पढ़ सके और गेंद बैट और पैड के बीच से निकलकर स्टंप पर जा लगी।
1089 दिन बाद क्लीन बोल्ड
यह आईपीएल 1089 दिन में पहली बार था, जब कोहली आईपीएल में क्लीन बोल्ड हुए थे। इससे पहले कोहली को आईपीएल में क्लीन बोल्ड करने का काम आकाश सिंह ने किया था। 2023 में सीएसके से खेल रहे आकाश ने कोहली को तब क्लीन बोल्ड किया था। उसके बाद अब जाकर इस लीग में कोहली क्लीन बोल्ड हुए और रवि बिश्नोई ने यह कमाल किया।
वैभव ने खेली तूफानी पारी
इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी (26 गेंदों पर 78 रन) से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैच के बाद रवि बिश्नोई ने कहा कि हम शुक्रगुजार हैं कि वैभव सूर्यवंशी हमारी टीम में है। जियोहॉटस्टार के 'गूगल सर्च एआई मोड मैच सेंटर लाइव' पर बात करते हुए रवि बिश्नोई और जियोस्टार एक्सपर्ट हरभजन सिंह ने टीम के माहौल, इस साल टीम में आए बदलाव और वैभव सूर्यवंशी के फॉर्म पर बातचीत की।
'एक-दूसरे को अच्छी तरह समझ रहे'
रवि बिश्नोई ने कहा, 'हम सच में बहुत खुश हैं क्योंकि हमने चार में से चार मैच जीते हैं और टेबल-टॉपर हैं। उम्मीद है, हम जैसा क्रिकेट खेल रहे हैं, वैसा ही खेलते रहेंगे। हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं और एक टीम के तौर पर अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि एक या दो खिलाड़ी अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं। हमें बल्ले से जैसी शुरुआत मिल रही है, हम मैच जल्दी खत्म करते रहेंगे। जीतने से हमेशा टीम के माहौल में फर्क पड़ता है। यह बहुत पॉजिटिव रहता है। हममें से ज्यादातर लोग एक ही एज ग्रुप के हैं, इसलिए हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं, और मुझे लगता है कि इससे इस टीम में बहुत बड़ा फर्क आ रहा है।'
'शुक्रगुजार हूं वैभव हमारी टीम में है'
वैभव सूर्यवंशी के नेट्स अभ्यास पर उन्होंने कहा, 'वह नेट्स में हम में से हर एक को टारगेट करता है। मैं ड्रेसिंग रूम में कहता रहता हूं कि मैं सच में शुक्रगुजार हूं कि वह हमारी टीम में है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मुझे नेट्स में हिट किया जाए। जब उसने क्रुणाल भाई की पहली बॉल पर सिंगल लिया, तो हम सबको यकीन नहीं हुआ क्योंकि आमतौर पर वह पहली बॉल से ही लेफ्ट-आर्म स्पिनर्स पर अटैक करता है। लेकिन शानदार, जिस तरह से वह इस समय बल्लेबाजी कर रहा है, वह किसी से कम नहीं है।'
'वैभव जबरदस्त बल्लेबाज है'
बिश्नोई ने कहा, 'यह वैभव सूर्यवंशी का समय है। जब भी मैं उसे देखता हूं, मुझे खुशी होती है। वह एक जबरदस्त बल्लेबाज है। उसके बल्ले की क्या गति है। वह शुरू में अटैक करता है, लेकिन जब जरूरत होती है, तो उसके पास सिंगल और डबल लेने और स्ट्राइक रोटेट करने का गेम भी है। कमाल की प्रतिभा है। वह सही क्रिकेटिंग शॉट्स खेलता है। ड्राइव करते समय उसका आर्म एक्सटेंशन उसे मिड-विकेट की तरफ, स्क्वायर के पीछे, और विकेट के सामने भी खेलने में भी एक्सपर्ट है।'
अपनी गेंदबाजी पर बोले रवि बिश्नोई
अपनी गेंदबाजी पर रवि ने कहा, 'तकनीकी रूप से मैंने एक छोटा सा बदलाव किया है। मैं अंपायर से थोड़ी दूर से शुरू करता था, जिसकी वजह से मैं नॉर्मल जंप के साथ बॉलिंग कर रहा था। मुझे क्रीज के इस्तेमाल के बारे में ज्यादा आइडिया नहीं है, लेकिन मैंने अपनी यूएसपी पर काम किया है, जो है रन-अप में बाहर से जंप-स्टार्ट करना। जहां तक मेरे एक्शन की बात है, मेरा नॉन-बॉलिंग वाला हाथ अटक जाता है। मैंने इसे सुधारने की कोशिश की, लेकिन यह अभी भी हो रहा है। पिछले साल, मैं बहुत भारी फ्रंट फुट के साथ गेंदबाजी कर रहा था। तो, ये दो या तीन छोटी तकनीकी चीजें हैं जिन पर मैंने काम किया है और अभी भी कर रहा हूं। यह उतना स्पष्ट नहीं है जितना मैं चाहता हूं, कुछ चीजें अभी भी मिसिंग लगती हैं, लेकिन उम्मीद है कि जैसे-जैसे मैं आगे बढ़ूंगा, यह बेहतर होता जाएगा।'


पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए जुआरी, घरों से निकालकर थाना पहुंचाया
बंगाल में BJP की जीत का दावा, अमित शाह का आक्रामक अंदाज
CCTV में कैद हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक घायल
वार्ड अध्यक्षों की सूची पर विवाद, PCC ने लिया बड़ा फैसला
MI में रोहित का सफर 15 साल का, हार्दिक ने कही दिल छू लेने वाली बात
1089 दिन का इंतजार खत्म, बिश्नोई ने कोहली को किया आउट