छात्र ने लगाया 3 लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग का आरोप, एसपी से शिकायत
छात्र ने लगाया 3 लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग का आरोप, एसपी से शिकायत
बैतूल। ग्राम मालोर थाना मोहदा के 22 वर्षीय छात्र संजू / प्रेमलाल मरकाम ने एसपी को आवेदन देकर शिकायत की है कि उसे झूठे केस में फंसाने और जीवन बर्बाद करने की धमकी दी जा रही है। युवक का आरोप है कि अनावेदक शिवदास कवडे उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं और तीन लाख रुपये की ब्लैकमेलिंग कर रहे हैं।
छात्र संजू मरकाम ने अपने आवेदन में बताया कि 27 अप्रैल 2025 को गदाखार की युवती ने उसे फोन कर कहा कि वह अपने कपड़े और बैग लेकर घर से निकल चुकी है और अब उसके साथ रहना चाहती है। छात्र ने उसे गदाखार से लेकर अपने गांव मालोर लाया और रात को अपने घर में रुकवाया।
28 अप्रैल को छात्र का पेपर बैतूल के जेएच कॉलेज में था, इसलिए वह परीक्षा देने चला गया और युवती को मालोर में ही छोड़ दिया। युवती ने खुद अपने पिता को फोन कर कहा कि वह अपनी मर्जी से संजू के घर आई है और गुमशुदगी की रिपोर्ट न लिखवाएं। 1 मई को जब छात्र वापस मालोर आया तो युवती के पिता शिवदास जीप लेकर पहुंचे। उन्होंने बेटी से मिलने की बात कहकर उसके हाथ में 300 रुपये दिए और कहा कि चिंता मत कर, तेरी शादी अच्छे से कर देंगे। फिर जैसे ही छात्र उन्हें विदा करने बाहर गया, उन्होंने युवती को जबरदस्ती जीप में बैठाया और गाड़ी लेकर चले गए। इसके दो दिन बाद 2 मई को चिचोली थाना में छात्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी गई। छात्र ने बताया कि वह पढ़ाई कर रहा है और यह पूरा मामला उसकी जिंदगी खराब करने की साजिश है।
- गांव में हुई शांति समिति की बैठक, लेकिन बना दबाव
शिकायतकर्ता युवक ने बताया कि घटना के बाद गदाखार गांव में शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। इनमे फूलेसिंह धुर्वे ग्राम पटेल, मनीराम धुर्वे सरपंच, मुन्ना कवडे जनपद सदस्य, जंगलू मर्सकोले पूर्व सरपंच, विशनु उसके, मुन्ना इवने, प्रेमलाल रतन मरकाम, रत्तू उइके, मनोहर परते, किशोरिलाल परते, रंगलाल धुर्वे, सुखनंदन उइके, कमल धुर्वे, रामलाल कवडे, नोजी कवडे, श्रीमती नीतू ककोड़िया सरपंच, शंकर इवने पटेल, भागलू इवने, शिवकरण उइके, रामसा उइके और मंगल सिंह इवने समेत अन्य लोग शामिल थे।
बैठक में युवती के पिता शिवदास कवडे ने संजू से तीन लाख रुपये की मांग रखी। छात्र ने कहा कि वह एक गरीब परिवार से है और छात्र है, इतनी रकम एक साथ नहीं दे सकता। गांव के पंचों ने भी समझाया कि दोनों एक ही जाति समाज के हैं, और उम्र होने पर शादी समाज के रीति-रिवाज से करवा दी जाएगी।
फिर भी शिवदास नहीं माने। छात्र ने सरपंच के पास 24 हजार और ग्राम पटेल के पास 35 हजार रुपये जमा कर दिए, लेकिन रकम पूरी न होने पर वह राशि लौटा दी गई और कहा गया कि तीन लाख एकमुश्त चाहिए, तभी मामला खत्म होगा।
- ले गई मां के गहने, फिर भी मांगे पैसे
छात्र ने बताया कि युवती जब उसके घर आई थी, तब उसकी मां के गहने उसके पास थे। गले में मोटी सात सूत की सकाळी और कमर में कमर पट्टा था। युवक के पास रेशमा के घर आने और जाने से पहले की तस्वीरें भी हैं, जो प्रमाण के तौर पर दी गई हैं। इसके बावजूद युवक से तीन लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। युवक का आरोप है कि लगातार धमकाया जा रहा है कि अगर रकम नहीं दी तो झूठे आरोप लगाकर उसे जेल भेज दिया जाएगा और उसका जीवन तबाह कर दिया जाएगा।
- छात्र ने दी आत्महत्या की चेतावनी
युवक संजू ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसे न्याय दिलाया जाए, वरना मानसिक दबाव के चलते वह आत्महत्या करने को मजबूर हो जाएगा। उसने कहा कि इस स्थिति के लिए गदाखार निवासी शिवदास पूरी तरह जिम्मेदार होंगे। युवक ने कहा कि वह पढ़ाई कर रहा है, उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, फिर भी उसे बार-बार धमकाकर पैसे ऐंठने की कोशिश की जा रही है।छात्र ने एसपी से निवेदन किया है कि उसकी शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसे न्याय दिलाया जाए ताकि उसका जीवन बर्बाद न हो।


सोने-चांदी की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट, जानें आपके शहर में आज का ताजा भाव क्या है
भगवान खुश, भक्त फिट...ये घास चमत्कारी, गणेश जी की प्रिय, सेहत के लिए वरदान
राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (14 फ़रवरी 2026)