भोपाल। कर्नाटक में हुई कांग्रेस की जीत के फार्मूले पर अध्ययन कर उसे अन्य प्रदेशों में भी लागू किया जा रहा है। इसी तरह का एक फार्मूला ‘डोर टू डोर कैम्पेन’ का भी है, जिसको अमल में लाने की जवाबदारी यूथ कांग्रेस को दी गई है। हर बूथ पर बनाई गई 5 कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की टीम ये काम करेगी। इसे भारत जोड़ो यात्रा के एप पर भी लोड करना होगा, ताकि शीर्ष नेतृत्व तक जानकारी पहुंच सके।
भोपाल में हुई बैठक में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी और प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया की मौजूदगी में सभी जिलों के अध्यक्षों को डोर टू डोर कैम्पेन के बारे में जानकारी दी गई। इंदौर से बैठक में यूथ कांग्रेस के शहर अध्यक्ष रमीज खान, जिलाध्यक्ष दौलत पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष स्वप्निल कामले, सरफराज अंसारी, अभिजीत पांडे और अतीत गौहर मौजूद थे। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि इसी तरह का कैम्पेन कर्नाटक में युवक कांग्रेस द्वारा चलाया गया था। इस कैम्पेन के तहत पांच लोगों की टीम को घर-घर जाकर मतदाताओं से चर्चा करना है और एक परिवार में कम से कम 5 से 7 मिनट का समय देना होगा। भारत जोड़ो यात्रा के एप में ही डोर टू डोर कैम्पेन का ऑप्शन है, वहां जाकर इसकी जानकारी अपलोड करना होगी। उस परिवार में जाकर कमलनाथ सरकार द्वारा की गई पांचों घोषणाओं की जानकारी देना है। उनके घर के एक-दो मोबाइल नंबर भी लेना है और उसकी जानकारी अपलोड करना है। इसके साथ ही वोटर लिस्ट भी रखना है और वह भी स्वत: ही बातचीत के दौरान चेक हो जाएगा, ताकि पता चल सके कि यहां फर्जी मतदाता तो नहीं है। इंदौर में एक-दो दिन में यह अभियान शुरू करने की तैयारी है। प्रदेश अध्यक्ष भूरिया ने भी पदाधिकारियों से कहा कि इसकी विस्तृत रूपरेखा बनाकर पदाधिकारियों को जवाबदारी सौंपी जाए। इसके बाद सभी प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के निवास पर भी पहुंचे, जहां एक बैठक रखी गई थी। बैठक में भी कमलनाथ ने युवा पदाधिकारियों से कहा कि वे ही कांग्रेस की जान हैं और इस बार लोगों का मन भाजपा सरकार से भर चुका है। इसका फायदा उन्हें उठाना चािहए और लोगों के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की योजनाएं और 15 महीने के दौरान हमने क्या किया, ये भी आम लेागों को बताओ।