पीएम 4, 5, 7, 8, 9, 13, 14 व 15 को करेंगे रैलियां
शांत मतदाताओं को जगाएंगे मोदी-राहुल
पीएम मोदी और राहुल गांधी के रोड शो से रफ्तार पकड़ेगा चुनाव


भोपाल/ नई दिल्ली।  मप्र में 17 नवंबर को मतदान होगा। लेकिन अभी तक चुनावी रंगत नजर नहीं आ रही है। जबकि प्रदेश में स्टार प्रचारकों ने चुनावी प्रचार शुरू कर दिया है। शुक्रवार को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रीवा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुंदेलखंड में चुनाव प्रचार किया। लेकिन जानकारों का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के चुनाव मैदान में उतरने पर ही मतदाताओं पर चुनावी रंग चढ़ेगा। प्रधानमंत्री शनिवार से मप्र में चुनावी अभियान में जुटेंगे। वे 4, 5, 7, 8, 9, 13, 14 व 15 को रैलियां करेंगे। वहीं दूसरी तरफ, विपक्षी दल कांग्रेस ने भी महाजनसंपर्क अभियान जारी किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी रैलियों के अलावा पदयात्रा भी करते हुए नजर आएंगे। अभियान की शुरुआत 4 नबंवर से होगी। इसी दिन कांग्रेस अध्यक्ष खरगे दो रैली करेंगे। जबकि प्रियंका गांधी आदिवासी बेल्ट कुक्षी से रैली शुरू करेंगी।
मप्र में विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार की तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री चुनाव प्रचार में जुटेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को रतलाम में रैली को संबोधित करेंगे। वहीं, इस दिन केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शिवपुरी आ रहे है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 15 नवंबर तक लगातार रैलियां प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री की प्रस्तावित रैली में वह पांच नवंबर को सिवनी के लखनादौन और खंडवा, सात नवंबर को सतना और सीधी, आठ नवंबर को गुना, मुरैना और पथरिया, नौ नवंबर को नीमच और बड़वानी, 13 नवंबर को छतरपुर,14 नवंबर को इंदौर और झाबुआ, 15 नवंबर को बैतूल में रैली करेंगे।

वोटरों को साधने का प्लान तैयार
मप्र में चुनावी प्रचार का रंग अब चढऩे लगा है। सत्ताधारी भाजपा और कांग्रेस ने वोटरों को साधने के लिए नया प्लान तैयार किया है। एक तरफ जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विधानसभा सीटों पर रथ यात्रा करते हुए नजर आएंगे। जबकि पीएम नरेंद्र मोदी राज्य में शनिवार से चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। पीएम 8 दिनों में 14 जनसभा और रोड शो करेंगे। वही केंद्रीय स्तर के नेता और स्टार प्रचारक किसी न किसी विधानसभा सीटों पर रात्रि विश्राम करते नजर आएंगे। दूसरी तरफ, विपक्षी दल कांग्रेस ने भी महाजनसंपर्क अभियान जारी किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी रैलियों के अलावा पदयात्रा भी करते हुए नजर आएंगे। अभियान की शुरुआत 4 नबंवर से होगी। इसी दिन कांग्रेस अध्यक्ष खरगे दो रैली करेंगे। जबकि प्रियंका गांधी आदिवासी बेल्ट कुक्षी से रैली शुरू करेंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ 70 से ज्यादा चुनावी रैलियां करेंगे। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह 60 और चुनाव प्रभारी रणदीप सुरजेवाला 30 रैलियां करेंगे। इसके अलावा अजय सिंह, सुरेश पचौरी, अरुण यादव, जीतू पटवारी भी रैलियां करेंगे।

भाजपा के प्रचार का खाका
जानकारी के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी 4 नवंबर को रतलाम में रैली करेंगे। इसके बाद वे 5, 7, 8, 9, 13 और 14 व 15 को रैलियां करेंगे। पीएम मोदी प्रचार के आखिरी दिन इंदौर में रोड शो करेंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार को रीवा में रैली करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी चार नवंबर को एमपी में रहेंगे। वे करेरा और पिछोर के बीच रथयात्रा करेंगे। यहीं से वे श्योपुर और ग्वालियर भी जाएंगे। इसके बाद वे 11,12 और 13 नवंबर को भी रैली करेंगे। प्रदेश में प्रचार के लिए सबसे ज्यादा डिमांड सीएम शिवराज सिंह चौहान की हैं। वे हर दिन 7 से 9 सभाएं करेंगे। सीएम 150 सीट कवर करेंगे। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ 7, 8 और 14 नवंबर सहित कुल 10 सभा करेंगे। असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा 8 को खंडवा और 9 को राजगढ़ में रहेंगे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर 5 नवंबर को उदयपुरा और दमोह जाएंगे।

कांग्रेस के दिग्गज भी आज से मैदान में
कांग्रेस भी प्रदेश में महाजनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इसकी शुरुआत शनिवार से होगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैलियों की शुरुआत 9 नवंबर से होगी। इसी दिन राहुल जबलपुर पश्चिम में पदयात्रा भी करेंगे। इसके बाद उनकी पदयात्रा भोपाल के नरेला में होगी। दिवाली के चलते 11 से 12 नवंबर तक नेताओं की कोई सभा या यात्रा नहीं होगी। पार्टी नेताओं का कहना है कि अगले 15 दिन में पार्टी महा जनसंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। इन 15 दिनों में कांग्रेस के कार्यकर्ता 230 विधानसभा सीटों को कवर करेंगे। इस दौरान सभी लोग आमजन बनाम भाजपा की 18 सालों की नाकामियों को लेकर जाएंगे।

मालवा, विंध्य और आदिवासी जिलों पर फोकस
प्रधानमंत्री मोदी की रैली में मालवा, विंध्य और आदिवासी जिलों को फोकस किया गया है। इससे पहले भाजपा ने विंध्य क्षेत्र को साधने के लिए कई कार्यक्रम किए। प्रधानमंत्री की छह रैली और एक रोड शो मालवा में होगा। इंदौर में प्रधानमंत्री रोड शो करेंगे। इस बार के चुनाव में भाजपा ने आदिवासी वोटरों पर ज्यादा फोकस किया है। दरअसल पिछली बार आदिवासी वोट छिंटकने से भाजपा के हाथ से सत्ता चली गई थी।  

राहुल 13 को भोपाल में करेंगे पदयात्रा
कांग्रेस भी का भी शनिवार से महाजनसंपर्क अभियान शुरू हो रहा है। इसमें 4 नवंबर से 15 नवंबर तक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की लगातार रैलियां होगी। 4 नवंबर को खरगे की कटंगी और शाहपुरा में रैली, 5 नवंबर को महासचिव प्रियंका गांधी की कुक्षी और इंदौर-5 में रैली, 7 नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उज्जैन और ग्वालियर पूर्व में रैली, 8 नवंबर को महासचिव प्रियंका गांधी की सांवेर और खातेगांव में रैली, 9 नवंबर को प्रियंका गांधी का रीवा, 9 नवंबर को राहुल गांधी की नई सराय, अशोक नगर चंदेरी, जबलपुर ईस्ट, जबलपुर वेस्ट में पदयात्रा, 10 नवंबर को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सतना में कार्यक्रम, 13 नवंबर को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की टिमरनी, उदपुरा और भोपाल के इकबाल मैदान में पदयात्रा। 14 नवंबर को राहुल गांधी की विदिशा, राजनगर, खजुराहो में कार्यक्रम। 15 नवंबर को प्रियंका गांधी की दतिया में और 15 नवंबर को मल्लिकार्जुन खरगे का बैतूल के आमला में कार्यक्रम होगा।