बॉलीवुड के बादशाह साल 2023 में रिलीज होने वाली फिल्म पठान से कमबैक कर रहे हैं। आखिरी बार शाहरुख साल 2018 की फिल्म जीरो में नजर आए थे, जिसके 5 साल बाद एक्टर को बड़े पर्दे पर देखा जाने वाला है। इस फिल्म में शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम लीड रोल में नजर आएंगे।सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ये एक बड़े बजट की फिल्म है जिससे दर्शकों को खूब उम्मीद है। शाहरुख का कमबैक कैसा होगा ये तो फिलहाल तय नहीं हैं। इसी बीच एक नजर डालते हैं कुछ सेलेब्स के कमबैक और उनकी परफॉर्मेंस पर बॉलीवुड की पहली फीमेल सुपरस्टार श्रीदेवी ने कई सालों बाद साल 2012 की फिल्म इंग्लिश विंग्लिश से एक्टिंग कमबैक किया था। श्रीदेवी के साथ ये गौरी शिंदे का भी डायरेक्टोरियल डेब्यू था। ये फिल्म एक जबरदस्त हिट साबित हुई थी, जिसमें हाउस वाइफ शशि की कहानी दिखाई गई थी। 10 करोड़ के छोटे बजट में तैयार हुई इस फिल्म ने 91.42 करोड़ का कलेक्शन किया था। ब्लॉकबस्ट हिट फिल्म देवदास (2002) के पूरे 5 साल बाद माधुरी दीक्षित ने फिल्म आजा नचले से एक्टिंग कमबैक किया था। ये एक डांस म्यूजिकल फिल्म थी, जिसमें माधुरी के साथ अक्षय खन्ना, कोंकणा सेन शर्मा, कुणाल कपूर लीड रोल में थे। फिल्म को 25 करोड़ में तैयार किया गया था लेकिन ये बॉक्स ऑफिस पर महज 14 करोड़ रुपए ही जुटा सकी थी। शक्ति फिल्म के 10 साल बाद करिश्मा कपूर ने डेंजरस इश्क से एक्टिंग कमबैक किया था। 26 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 86 करोड़ रुपए कमाए थे, हालांकि ये फिल्म एक बड़ी फ्लॉप साबित हुई थी। विक्रम भट्ट के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पुनर्जन्म की कहानी दिखाई गई थी। गुजारिश फिल्म के बाद ऐश्वर्या राय ने जज्बा फिल्म से कमबैक किया था। इस ने 42 करोड़ रुपए कलेक्ट किया था, लेकिन इसे बॉक्स ऑफिस पर एवरेज फिल्म का दर्जा मिला था। सालों बाद ऐश्वर्या को बड़े पर्दे पर आने पर खूब सराहना मिली थी।

कभी खुशी कभी गम फिल्म के बाद एक्टिंग से ब्रेक लेने के बाद काजोल ने साल 2006 में फना फिल्म से कमबैक किया था। आमिर खान के साथ नजर आईं काजोल ने अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों को खूब इम्प्रेस किया था। इस फिल्म ने 105 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। यशराज प्रोडक्शन की इस फिल्म को कुणाल कोहली ने निर्देशित किया था। दिल चाहता है के बाद आमिर खान ने साल 2006 की फिल्म मंगल पांडे से एक्टिंग कमबैक किया था। इस फिल्म ने 52 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था, हालांकि ये उस साल की चौथी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी। अब आमिर 2018 की ठग्स ऑफ हिंदुस्तान के बाद लाल सिंह चड्ढा से कमबैक करेंगे।