भोपाल । प्रदेश भर में बारिश का सिलसिला अब थम गया है। प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई प्रभावी मौसम प्रणाली वर्तमान में सक्रिय नहीं है। इस वजह से वर्षा का सिलसिला थम गया है। चंबल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन संभाग के जिलों से मानसून जा चुका है। दो दिन में पूरे प्रदेश से मानसून के विदा होने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, वातावरण से नमी कम होने के कारण आसमान साफ होने लगा है। इस वजह से दिन में धूप में तल्खी महसूस होने लगी है, लेकिन हवाओं का रुख उत्तरी होने से शाम ढलते ही गुलाबी ठंड का एहसास बढ़ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक दक्षिण झारखंड के आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र के असर के कारण रीवा, शहडोल संभाग के जिलों में हल्की वर्षा हो रही थी। कम दबाव का क्षेत्र अब पश्चिम बंगाल के आसपास पहुंच गया है। इस वजह से अब नमी आने का सिलसिला कम हो गया है। जिसके चलते वर्षा का दौर भी थम गया है। उधर हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर-पश्चिमी बना हुआ है। इस वजह से शाम ढलते ही गुलाबी ठंड का एहसास होने लगा है। इसी क्रम में गुरुवार को राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। मंगलवार-बुधवार को रात का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वातावरण से नमी कम होने के कारण बादल छंट गए हैं। आसमान साफ होते ही धूप निकलने लगी है। दिन का तापमान 34-35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने से धूप में कुछ तल्खी महसूस होती है।