राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू चार से नौ जून तक सूरीनाम और सर्बिया की यात्रा पर रहेंगी। पिछले साल जुलाई में राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद यह उनकी पहली राजकीय यात्रा होगी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि पहले चरण में राष्ट्रपति सूरीनाम गणराज्य के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी के नियंत्रण पर चार से छह जून तक पारामारिबो में रहेंगी। पांच जून को राष्ट्रपति मुर्मू सूरीनाम में भारतीयों के आगमन की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि होंगी। राष्ट्रपति सूरीनाम के अपने समकक्ष संतोखी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। वह ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के स्थानों का भी दौरा करेंगी और भारतीय समुदाय के सदस्यों और प्रवासियों के साथ बातचीत करेंगी।

अपनी यात्रा के दूसरे चरण में राष्ट्रपति मुर्मू सात से नौ जून तक सर्बिया की यात्रा पर रहेंगी। वह सर्बिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वूसिक के निमंत्रण पर वहां जा रही हैं। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू सर्बिया के राष्ट्रपति वूसिक के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगी और प्रधानमंत्री एना ब्रनाबिक (Ana Brnabic) और नेशनल असेंबली के अध्यक्ष व्लादिमीर ओरलिक (Vladimir Orlic) से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति एक व्यापारिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय और भारत के दोस्तों के साथ बातचीत करेंगी।
 
गौरतलब है कि मुर्मू की सूरीनाम की यात्रा पिछले साल राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद से उनकी पहली राजकीय यात्रा होगी। राष्ट्रपति की सूरीनाम यात्रा जनवरी 2023 में राष्ट्रपति संतोखी की भारत यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंधों में चल रही गति को और तेजी प्रदान करेगी।