टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर एमएस धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 की तैयारियां शुरू कर दी हैं।रांची के झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन इंटरनेशनल स्टेडियम में धोनी को बैटिंग प्रैक्टिस करते देखा गया।महेंद्र सिंह धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं और अब बस इंडियन प्रीमियर लीग में खेलते नजर आते हैं। आईपीएल 2023 के लिए धोनी ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। आईपीएल 2023 एक बार फिर अपने पुराने फॉर्मेट में खेला जाना है और इस बार सभी फ्रेंचाइजी टीमों को अपने होम ग्राउंड पर खेलने का मौका मिलेगा।दरअसल कोविड-19 के चलते आईपीएल को एक बार यूएई शिफ्ट करना पड़ा था और भारत में भी जब हुआ,तो गिने-चुने स्टेडियम पर ही सारे मैच खेले गए।

आईपीएल 2022 में धोनी ने कप्तानी छोड़ दी थी और रविंद्र जडेजा को उनकी जगह कप्तान बनाया गया था, लेकिन बीच सीजन में जडेजा ने कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद धोनी को फिर से कप्तान बनाया गया था। माना जा रहा है आने वाले सीजन में धोनी ही टीम की कमान संभालेंगे और टीम का फ्यूचर लीडर तैयार करने में मदद करेंगे।

धोनी आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स ने कुल चार खिताब जीते हैं। वहीं आईपीएल के सबसे सफल कप्तान का ताज रोहित शर्मा के सिर सजा है। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच खिताब जीते हैं। माना जा रहा है कि आने वाला सीजन धोनी का खिलाड़ी के तौर पर आखिरी सीजन होगा। धोनी 41 साल के हो गए हैं। 15 अगस्त 2020 को धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।