सोमवार को चुनावी बिगुल फुकेंगे विधायक निलय विनोद डागा


कार्यकर्ताओं के साथ पदयात्रा कर पहुंचेगे कलेक्ट्रेट, दाखिल करेंगे नामांकन

बैतूल। शारदेय नवरात्र पर्व की नवमी तिथि पर कांग्रेस प्रत्याशी निलय विनोद डागा सोमवार चुनावी रणभेरी का शंखनाद करते हुए चुनावी बिगुल फूकेंगे। विधायक निलय डागा अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पद यात्रा कर निर्वाचन कार्यालय पहुंचेगे और नाम निर्देशन पत्र दाखिल करेंगे। विधायक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी निलय डागा कांग्रेस जिला अध्यक्ष शहर सुनील शर्मा, ग्रामीण जिला अध्यक्ष हेमंत वागद्रे के नेतृत्व में अपने निज निवास कमानी गेट से सुबह 11 बजे अपने समर्थकों और बैंड-बाजों के साथ पैदल चलकर संभवनाथ मंदिर एवं जैन स्थानक भवन होते हुए, गांधी चौक पहुंचेंगे। यहां राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद, छोटा राम मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। 

इसके बाद बस स्टैंड होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल करने के बाद प्रचार अभियान की विधिवत शुरुआत की जाएगी। श्री डागा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन पर पुन: विश्वास जताया है, इसलिए पार्टी के इस विश्वास पर वे खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी जीत हासिल करेगी। उन्होंने अपने दावे को और पुख्ता करते हुए कहा कि वे जिधर भी जाते हैं उन्हें बीजेपी के खिलाफ भारी जन-आक्रोश नजर आता है। कांग्रेस सरकार के आने की ख़ुशी में जनता के चेहरों पर मुस्कान है। प्रदेश की जनता यह जानती है कि कैसे कांग्रेस की सरकार सौदे के कारण गई थी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव किसी पार्टी के खिलाफ नहीं है, यह चुनाव प्रदेश के भविष्य का चुनाव है। आज प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि अब राजनीति स्थानीय हो गई है। वोटर्स को पता है कि अब स्थानीय मुद्दे पर चुनाव लडऩा है। डागा ने कहा हमारा उद्देश्य है कि हर परिवार खुशहाल हो। इसलिए इस बार हमारा नारा है- कांग्रेस आएगी, खुशहाली लाएगी। विधानसभा बैतूल के प्रभारी राजेंद्र जैसवाल, ब्लॉक कांग्रेस शहर अध्यक्ष मोनू बडोनिया, कार्यवाहक अध्यक्ष प्रशांत राजपूत, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष तरुण कालभोर, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण कार्यवाहक अध्यक्ष प्रकाश माथनकर, आठनेर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र पंडोले, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण कार्यवाहक अध्यक्ष प्रकाश कनाठे, नगर कांग्रेस बैतूल बाजार अध्यक्ष गौरव पवार, आठनेर नगर कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञानदेव माथनकर ने समस्त कांग्रेस जनों से बड़ी संख्या में नामांकन रैली में शामिल होने की अपील की है।