दुबई। सट्टेबाजी के लिए फेमस हुए महादेव ऐप के मालिक रवि उप्पल पर कानूनी शिकंजा कस दिया है। रवि को दुबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसे जल्द भारत लाया जाएगा। छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के लिए सिरदर्द बने इस ऐप ने राज्य की समूची राजनीति में हलचल मचा दी थी। कई दिग्गज नेताओं के नाम सामने आने के बाद मुख्य आरोपी रवि उप्पल और सौरभ चंद्राकर फरार चल थे। रवि उपप्ल के अलावा 2 अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है । रवि उप्पल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। भारतीय जांच एजेंसियां दुबई सुरक्षा एजेंसी के संपर्क में हैं। रवि उप्पल महादेव ऐप के मुख्य आरोपियों में से एक है। उसे गिरफ्तार कर जल्द ही डिपोर्ट किया जाएगा। आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वह महादेव ऐप का दूसरा प्रमोटर है। इन दोनों ने एक बयान में महादेव ऐप और सट्टेबाजी घोटाले में शामिल होने से इनकार किया है। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी शुभम सोनी पर डाल दी। ईडी ने यूएई में भारतीय दूतावास से शुभम सोनी का बयान लिया है।
ये मामला छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में मुद्दा भी बना था। कांग्रेस और बीजेपी इस पर आमने-सामने थीं। छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि इसकी जांच 2 साल से चल रही है। जब तक ऑनलाइन सट्टेबाजी पर रोक नहीं लगेगी, कुछ नहीं रुकेगा। ऑनलाइन सट्टेबाजी करने वालों के लाखों फर्जी अकाउंट हैं। केंद्र सरकार को इनकी पहचान कर इन्हें बंद करना चाहिए। वहीं, रैली में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि कांग्रेस ने विश्वासघात के अलावा कुछ नहीं दिया। कांग्रेस ने महादेव के नाम पर भी घोटाला किया है। आज देश विदेश में महादेव घोटाले की चर्चा हो रही है। बीते दिनों में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। मामला आधिकारिक तौर पर सेंट्रल साइबर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया। जांच के लिए 5 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। बता दें कि दुबई में बैठे प्रमोटर्स पर 60 से ज्यादा अवैध ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए घोटाले को अंजाम देने का आरोप है। ईडी ने दावा किया कि ये तकरीबन 6 हजार करोड़ का घोटाला है। इस मामले में ईडी ने 14 लोगों को आरोपी बनाया है, जिसमें सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, विकास छाबडि़या, चंद्रभूषण वर्मा, सतीश चंद्राकर, अनिल दम्मानी, सुनिल दम्मानी, विशाल आहूजा, नीरज आहूजा, सृजन एसोसिएट के संचालक पूनाराम वर्मा और शिवकुमार वर्मा, यशोदा वर्मा, पवन नत्थानी है।