लखनऊ की IPL टीम लखनऊ सुपर जाएंट्स का आधिकारिक लोगो रिवील हो गया है। लखनऊ की आईपीएल फ्रेंचाइजी ने खुद इसका ऐलान किया है। कुछ ही घंटे पहले लखनऊ सुपर जाएंट्स के आधिकारिक ट्विटर पर इस बात की जानकारी दी गई थी कि हम आज शाम 5 बजे अपने लोगो को रिवील करने वाले हैं और तय समय पर फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक लोगो को फैंस के सामने रखा है। हालांकि, जो वीडियो इससे पहले अनाउंसमेंट के तौर पर रिलीज किया गया था, उसमें दर्जनों लोगो नजर आ रहे थे। आप यहां देख सकते हैं लखनऊ सुपर जाएंट्स के आधिकारिक लोगो को, जिसे सोशल मीडिया पर फ्रेंचाइजी ने शेयर किया है। 

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2022 में 8 नहीं, बल्कि 10 टीमें नजर आएंगी, क्योंकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने इस बार इस लीग में दो नई टीमें जोड़ी हैं। इनमें एक टीम लखनऊ की है, जबकि दूसरी टीम अहमदाबाद है। हालांकि, अहमदाबाद की टीम ने अभी तक अपने नाम का भी खुलासा नहीं किया है, जबकि लखनऊ की टीम ने पिछले सप्ताह अपने आधिकारिक नाम की घोषणा की थी। लखनऊ की टीम लखनऊ सुपर जाएंट्स के नाम से जानी जाएगी, जो आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप के मालिकाना हक वाली टीम है। ये ग्रुप पहले राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स का मालिक था, जो अब टीम इस टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं है, क्योंकि वो सिर्फ दो साल के लिए थी। 

लखनऊ सुपर जाएंट्स का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट भी राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स का था, जिसका नाम बदला गया है। इसके अलावा नाम में भी फ्रेंचाइजी ने सुपर जाएंट्स रखा है। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने तीन खिलाड़ियों को ड्राफ्ट के तौर पर अपने साथ जोड़ लिया है। लखनऊ की टीम के साथ भारतीय ओपनर केएल राहुल, ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस और पहली बार टीम इंडिया में चुने गए अनकैप्ड स्पिनर रवि बिश्नोई जुड़े हैं।