गौतम अडाणी की सातवीं कंपनी आज शेयर बाजार में लिस्ट हो गई है। अडाणी विल्मर का शेयर आज इश्यू प्राइस की तुलना में मामूली डिस्काउंट 221 रुपए पर लिस्ट हुआ। इसका IPO में भाव 230 रुपए तय किया गया था। लिस्टिंग के बाद इसमें 4% के करीब गिरावट रही। इसी के साथ अडाणी ग्रुप की कुल कंपनियों का मार्केट कैप अब 11.46 लाख करोड़ रुपए हो गया है। इसके बाद गौतम अडाणी अब मुकेश अंबानी से 21,000 करोड़ रुपए आगे हो गए हैं। अंबानी की संपत्ति 6.66 लाख करोड़ रुपए जबकि अडाणी की संपत्ति 6.87 लाख करोड़ रुपए है।

अडाणी विल्मर विदेशी कंपनी विल्मर और अडाणी ग्रुप की जॉइंट वेंचर में है। दोनों की 50-50% हिस्सेदारी थी। हालांकि इश्यू के बाद यह हिस्सेदारी घटकर 87.92% हो गई। इसका मतलब अडाणी की इसमें हिस्सेदारी करीबन 44% होगी। इससे गौतम अडाणी की संपत्ति में लगभग 13 हजार करोड़ रुपए की बढ़त होगी। गौतम अडाणी की अपनी कंपनियों में हिस्सेदारी रिलायंस समूह की कंपनियों में अंबानी की हिस्सेदारी की तुलना में ज्यादा है। मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज में हिस्सेदारी 50.61% है जबकि अडाणी की हिस्सेदारी उनकी कंपनियों में 70.59% है। अडाणी की 3 कंपनियों में उनकी हिस्सेदारी 74.92-74.92% जबकि एक कंपनी में 74.80 और 2 कंपनियों में यह 60 से 64% है।