बिलासपुर | राहुल गांधी के फर्जी वीडियो को वायरल करने के आरोप में भाजपा के 3 सांसदों, एक विधायक और एक भाजपा नेता के खिलाफ छत्तीसगढ़ में केस दर्ज किया गया है। बिलासपुर जिले में 5 लोगों पर दर्ज एफआईआर में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की जनता के बीच भ्रम फैलाकर भाजपा नेताओं द्वारा राहुल गांधी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के एक बयान को उदयपुर हत्याकांड से जो़ड़कर प्रचारित और प्रसारित किया जा रहा है। यह एक गंभीर अपराध है। इस घटना से देश के कांग्रेस नेता आहत हुए हैं। शिकायत पर पुलिस ने धारा 505 केस दर्ज किया है।पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष व जिला शहर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद नायक सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने सिविल लाइन थाने में भाजपा के सांसद राज्यवर्धन राठौर, सांसद सुब्रत पाठक, सांसद भोला सिंह, विधायक कमलेश सैनी एवं भाजपा नेता सुरेन्द्र पुनिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि भाजपा नेताओं ने सोशल मीडिया में वायनाड में दिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान को उदयपुर की घटना से जोड़कर प्रचारित एवं प्रसारित किया। देश की जनता के बीच भाजपा के नेताओं ने भ्रम फैलाया है और राहुल गांधी की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है।