आपसी रंजिश में नष्ट कर दी किसान की लहलहाती फसल


 न्याय की गुहार लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा पीड़ित किसान, मुआवजे की मांग 
 

बैतूल। मुलताई तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम पारेगांव के एक किसान ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर फसल नष्ट करने की शिकायत कलेक्टर से की है। शिकायतकर्ता पीड़ित किसान सुनील सिंह पिता नत्थू सिंह सोलंकी के अनुसार उनकी फसल को पारेगांव निवासी अनिलसिंह पिता चिंधू सिंह, संजय सिंह पिता अनिल सिंह, गोलू सिंह पिता अनिल सिंह द्वारा रंजिश के चलते नष्ट कर दी गई।पीड़ित किसान सुनील सिंह ने आरोप लगाया कि अनावेदकगण भूमि विवाद के चलते उनसे रंजिश रखते हैं। पूर्व में उनके द्वारा फसल नष्ट करने की धमकी दी गई थी। पीड़ित किसान सुनील ने बताया कि घटना 1 जनवरी की है। अनावेदकों द्वारा सफाचट कीटनाशक डालकर उनकी लहलहाती फसल को बर्बाद कर दिया गया। कीटनाशक डालने की सूचना उन्हें गांव वालों ने दी थी। जब उन्होंने खेत जाकर देखा तो पूरी फसल नष्ट हो चुकी थी। किसान के अनुसार अनावेदक हमेशा उन्हें धमकाते हैं, खेती करने से मना करते हैं। किसान का कहना है कि उनके पास जीवन यापन करने के लिए खेतिहर जमीन के अलावा कुछ भी नहीं है। फसल नष्ट होने से उनके सामने भूखे मरने की नौबत आ गई है। इस घटना के बाद से वे आर्थिक एवं मानसिक प्रताड़ना से जूझ रहे हैं। उन्होंने कलेक्टर से आग्रह किया कि मामले में अनावेदक गणों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें फसल नष्ट करने का मुआवजा दिलाया जाए।