रायपुर | कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत मिलने पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस में खुशी की लहर है। रायपुर के कांग्रेस भवन में कांग्रेसियों ने ढोल नगाड़े बजाकर जमकर झूमे। इस दौरान जोरदार आतिशबाजी की गई। कांग्रेस नेताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई और शुभकामनाएं दी। जमकर जश्न मनाया। इस दौरान सीएम भूपेश बघेल ने पुलिस परेड ग्राउंड स्थित हेलीपेड में पत्रकारों को मिठाई बांटी।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने इस मौके पर कहा कि कर्नाटक की जनता का संदेश, कांग्रेस सम्हाले सारा देश। उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि बजरंग बली ने अपने नाम का दुरुपयोग करने वाली कालनेमियों की पोल खोलकर रख दिया है। कर्नाटक की जनता ने भाजपा के भ्रष्टाचार कुशाशन के खिलाफ वोट दिया है। कर्नाटक से लोकतंत्र की जड़े पुष्पित पल्लवित हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि हम छत्तीसगढ, मध्यप्रदेश और राजस्थान में भी जीतेंगे। देश में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।