भोपाल ।   मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार के विस्तार को लेकर पेच फंस हुआ है। अब मुख्यमंत्री गुरुवार को दिल्ली जाएंगे। वहां केंद्रीय नेतृत्व के साथ मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा होगी। सीएम रात्रि विश्राम दिल्ली में ही करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को दिल्ली दौरे पर रहेंगे। दिल्ली में वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। सीएम शीर्ष नेतृत्व से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा करेंगे। चर्चा है कि मोहन कैबिनेट में अभी करीब 20 मंत्री बनाए जाएंगे। इसके बाद जरूरत के अनुसार मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। 

जानकारी के अनुसार मोहन यादव मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले विधायकों के नाम की सूची तैयार हो गई है। इसमें कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, रीति पाठक, राव उदय प्रताप सिंह जैसे दिग्गज नेताओं के नाम शामिल हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा के सत्र का गुरुवार को अंतिम दिन है। ऐसा माना जा रहा है कि सीएम के दिल्ली से लौटने के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है।  बता दें, मंत्रिमंडल विस्तार क्षेत्रीय और जातिगत समीकरण के साथ ही दिग्गजों की भूमिका तय करने को लेकर अटक गया है।  अब सीएम के दिल्ली दौरे में इसका रास्ता साफ होने की संभावना है। यादव मंत्रिमंडल में कुछ नए और अनुभवी चेहरों को भी शामिल  किया जा सकता।

सप्ताह के अंत तक विस्तार संभव

जानकारों के अनुसार सीएम डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को भोपाल लौटेंगे। इसके बाद शनिवार या रविवार तक मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा सकता है।