भोपाल । मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि लगभग 500 वर्षों के अन्तराल के बाद अयोध्या में राम जन्मभूमि पर रामलला का मंदिर फिर से बनने जा रहा है। इन 500 वर्ष के दौरान भारत की करीब 25 पीढिय़ों ने राम मंदिर के मुद्दे पर देश के संघर्ष को देखा। उन्होंने कहा कि हमारी पीढ़ी सौभाग्यशाली है कि हमारे सामने राम मंदिर निर्माण का सपना साकार होने जा रहा है।
मंत्री सारंग ने कहा कि यह केवल एक मंदिर का निर्माण नहीं है, अपितु राष्ट्रीय स्वाभिमान के जागरण का उद्घोष भी है। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के साथ ही देश को दुनिया के सामने एक समर्थ शक्तिशाली एवं समृद्ध भारत के रूप में खड़ा करना है। सारंग ने कहा कि चैत्र मास के शुक्लपक्ष की नवमी तिथि को पुनर्वसु नक्षत्र और कर्क लग्न में भगवान श्रीराम का जन्म अयोध्या में हुआ था। रामनवमी को प्रतिवर्ष भगवान श्रीराम का प्रगटोत्सव बड़े धूमधाम से संपूर्ण देश में मनाया जाता है।
मंत्री सारंग ने कहा कि रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया है कि इस वर्ष राम नवमी के शुभ अवसर पर अपने घर के बाहर दो दीपक जलाएं एक भगवान श्रीराम के नाम और एक राष्ट्र के नाम और साथ ही अपने वार्ड के प्रमुख चौराहे पर शाम को भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम से मनाएं। इस शुभ अवसर पर ढोल, नगाड़े, आतिशबाजी और रामधुन के साथ भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव मनाएं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में होने वाले श्रीराम जन्मोत्सव के कार्यक्रम में वे खुद भी  उपस्थित रहेंगे।