नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के नाम को लेकर भाजपा की शनिवार को देर रात तक बैठक चली। सीईसी की बैठक में कई दिग्गजों के नामों पर चर्चा की गई। किसको टिकट देना है और किसको नहीं देने पर विचार मंथन किया गया। उम्मीद की जा रही है आज रविवार को भाजपा की 5वीं सूची जारी हो सकती है। इसके साथ ही वरुण गांधी, उनकी मां मेनका गांधी, बृज भूषण सिंह और वीके सिंह जैसे सांसदों के भाग्य का भी फैसला हो जाएगा। बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी,भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा,गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रिजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य और समिति के अन्य सदस्यों की मौजूद थे।
जिन दिग्गज नेताओं के नामों को लेकर ज्यादा चर्चा है उनके वरुण गांधी,मेनका गांधी और बृजभूषण सिंह शामिल हैं। माना जा रहा है की वरुण के तेवर को देखते हुए उनके टिकट पर ग्रहण लग सकता है जबकि महिला पहलवानों को लेकर विवादों में घिरे बृजभूषण शरण सिंह को लेकर भी संशय है।बैठक में ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और राजस्थान के उम्मीदवारों के नामों पर भी चर्चा हुई। भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने बताया कि सीईसी ने ओडिशा की सभी 21 लोकसभा सीट और 147 विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की। ओडिशा में भाजपा और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन करने को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण यह चर्चा हुई। सीईसी पूर्व में दो बार बैठक कर चुकी है और अब तक 291 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इन बैठकों में उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, केरल और तेलंगाना समेत अन्य राज्यों की सीटों पर निर्णय लिया गया। भाजपा ने अभी तक इनमें से कुछ राज्यों में कई सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।