*जमानत मिलने पर जेल से  छूटकर घर  लौट रहे  युवक की घर पहुंचने के पूर्व ही  वाहन दुर्घटना में  हो गई मौत*

मुलताई ✍️ विजय खन्ना 

 थाना क्षेत्र के ग्राम सिपावा का निवासी युवक पारिवारिक विवाद के चलते उसके खिलाफ दर्ज प्रकरण में  बीते कुछ दिनों से उपजेल में बंद था। शुक्रवार को उसे  जमानत मिल गई तो  रात में अपने परिचित के साथ बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था।लेकिन घर पहुंचने के पूर्व  ही अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई ।वही बाइक सवार परिचित घायल हो गया।
ग्राम सिपावा निवासी रुपराव सरोदे ने बताया उसका भाई बसंता पिता भरत सरोदे 29 साल  परिवारिक विवाद  की शिकायत पर उसके खिलाफ दर्ज प्रकरण के चलते उपजेल में बंद था। शुक्रवार को ग्राम सोनेगांव निवासी भगवत सिंह रघुवंशी  ने बसंता की जमानत की प्रक्रिया पूर्ण कराई और  जमानत मिलने पर उपजेल से  बसंता के  रिहा होने के बाद  रात में भगवत सिंह रघुवंशी  अपनी  बाइक  पर बसंता को सवार कर  ग्राम सिपावा जाने के लिए निकले थे। इस दौरान छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे पर बुकाखेड़ी डैम के पास  मार्ग से जा रहे अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से बसंता के सिर  और मुंह में चोट आई।वही भगवत सिंग रघुवंशी को भी चोट आई।दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची हाईवे के एंबुलेंस से घायल बसंता और भगवत सिंह रघुवंशी को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लाया। जहां डॉक्टर ने बसंता को मृत घोषित कर दिया ।वही भगवत सिंग रघुवंशी का उपचार किया गया। रूपराव की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन के  चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।