मुरैना  चंबल की महिला डकैत वाली गैंग ने मुरैना के एक किसान का अपहरण कर लिया। हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। फिर उसके साथ मारपीट की। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने डकैतों पर फायरिंग की तो जवाब में डकैतों ने भी फायर किए। इसके बाद डकैत किसान को सरसों के खेत में छोड़कर भाग गए।

सिंहौनियां पुलिस घायल किसान को लेकर आई। उसे जिला अस्पताल मुरैना में भर्ती कराया। किसान की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना गुरुवार की रात डेढ़ से दो बजे के बीच की है। घायल किसान ने बताया गैंग में आठ लोग थे, जिसमें एक महिला भी है।

पुलिस ने बताया, सूचना मिली थी कि डकैत ने बाबरीपुरा के किसान राधेश्याम सैंथियां (65) का अपहरण कर लिया है। सिंहौनियां थाना प्रभारी पवन भदौरिया के नेतृत्व में पुलिस फोर्स बाबरीपुरा के खेतों में पहुंची। पुलिस ने खोजबीन शुरू की, तभी फायरिंग की आवाज आई। इस पर पुलिस ने फायरिंग की। जवाबी फायरिंग करते हुए डकैत किसान को सरसों के खेत में ही छोड़कर भाग गए। पुलिस किसान तक पहुंची और उसे खेत से निकाल लाई।

किसान के हाथ-पैर बांधकर मारपीट की

डकैतों ने किसान के हाथ-पैर बांध दिए थे। जब पुलिस किसान तक पहुंची तो उसके मुंह में कपड़ा ठुंसा हुआ था। किसान ने बताया कि उसके साथ मारपीट की गई है। पुलिस ने किसान को पानी पिलाया और जिला अस्पताल मुरैना भेज दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

महिला डकैत भी शामिल, राजस्थान का है गिरोह

किसान ने बताया कि डकैतों की संख्या 8 थी। उनके साथ एक महिला डकैत भी थी। गिरोह के सदस्यों की बोली राजस्थानी थी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि गिरोह राजस्थान का है, जो मध्यप्रदेश में लूटपाट और अपहरण के इरादे से घूम रहा है।