इदौर ।   मालवा-निमाड़ के छह जिलों झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, खरगोन, खंडवा और रतलाम में तीन नगर पालिका और 11 नगर परिषद के चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। मतदाता शाम पांच बजे तक मताधिकार का उपयोग कर सकेंगे। इस बार अध्यक्ष का चुनाव अप्रत्यक्ष प्रणाली से होगा, इसलिए मतदाता सिर्फ पार्षद का ही चुनाव करेंगे। मतगणना 30 सितंबर को होगी।  सैलाना नगर परिषद चुनाव में सभी 15 वार्डों में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। प्रशासनिक अमला चाक चौबंद होकर चुनाव सम्पन्न करवा रहा है। वार्ड नंबर 3 की इवीएम मशीन खराब होने के कारण दूसरी मशीन लगाई गई जिससे करीब 1 घंटे तक मतदान बाधित रहा। सैलाना नगर परिषद चुनाव में 9:30 बजे तक 22% मतदान हुआ। झाबुआ जिले के चार नगर निकाय, झाबुआ, पेटलावद, थांदला व रानापुर की नगर सरकार चुनने के लिए आज मतदान हो रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर कतारे लगने लगी है। अधिकांश मतदाता सुबह सबसे पहले मतदान करने के लिए अपने-अपने घरों से निकल रहे हैं। 2017 के बाद अब नगर सरकार चुनने का मौका मिलने से मतदाता उत्साहित है। शाम 5 बजे तक मतदान चलना है। थांदला नगर परिषद के 15 वार्डो में से 1 वार्ड में निर्विरोध पार्षद चुना गया है इसलिए आज सिर्फ 14 वार्डों के लिए ही मतदान हो रहा। थांदला नगर परिषद 52 पार्षद उम्मीदवार चुनावी मैदान में है।

झाबुआ नगर पालिका चुनाव के मतदान सुबह 7:00 बजे से प्रारंभ हो गए 9:00 बजे तक 9.88% मतदान हुआ

राणापुर नगर परिषद का मतदान 18.57%,

थांदला नगर परिषद का मतदान 17.03%,

पेटलावद नगर परिषद का मतदान 15.82% रहा

जिले का कुल 13.60% मतदान 9:00 बजे तक हुआ

आलीराजपुर, आजादनगर व जोबट में वोटिंग जारी, सुबह मतदान की गति धीमी

आलीराजपुर जिले के तीन निकाय आलीराजपुर नगर पालिका, नगर परिषद जोबट व चंद्रशेखर आजादनगर में पार्षद पद के चुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। सुबह के समय मतदान की गति धीमी है। इक्का-दुक्का मतदाता ही केंद्र पर नजर आ रहे हैं। सुबह नौ बजे के बाद मतदान में तेजी के आसार हैं। शाम पांच बजे तक वोटिंग होगी। परिणाम की घोषणा 30 सितंबर को की जाएगी। निर्वाचन के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

आलीराजपुर में कहां पर कितने मतदाता

नगर पालिका आलीराजपुर पुरुष 11427 महिला 11723 कुल 23153

नगर परिषद जोबट पुरुष 4154 महिला 4482 कुल 8636

चंद्रशेखर आजादनगर पुरुष 4516 महिला 4695 कुल 9211

निकाय वार्ड प्रत्याशी केंद्र

आलीराजपुर 18 45 32

जोबट 15 47 16

आजादनगर 15 62 15

तीनों नगर निकाय में कुल उम्मीदवार 154

बुरहानपुर में धीमी गति से चल रहा मतदान

बुरहानपुर नगर पालिका नेपानगर के 24 पदों के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से मतदान का सिलसिला जारी है। पहले 4 घंटे में यानी सुबह 11 बजे तक 30 प्रतिशत मतदान हो चुका है। नवरात्र पर्व के चलते सुबह के समय मतदान का प्रतिशत कम देखा जा रहा है। ज्ञात हो कि नगर पालिका के 24 पदों के लिए 70 प्रत्याशी मैदान में है। इनमें 41 महिलाएं और 29 पुरुष हैं। नगर पालिका नेपानगर मैं इस बार अध्यक्ष का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित किया गया है। नगर पालिका क्षेत्र में 23800 से ज्यादा मतदाता है। प्रशासन ने मतदान के लिए 34 केंद्र बनाए हैं। इनमें से पांच आदर्श केंद्र हैं। सुबह से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मतदान केंद्रों का जायजा ले रहे हैं। एसडीएम ज्योति शर्मा, एडिशनल एसपी अंतर सिंह कनेश सहित अन्य अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की स्थिति देख रहे हैं। कुछ देर पहले कलेक्टर प्रवीण सिंह व पुलिस अधीक्षक राहुल लोढा भी नेपानगर पहुंचे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि दोपहर बाद मतदान का सिलसिला तेज होगा।

खंडवा जिले के पुनासा और हरसूद नगर परषिद चुनाव के लिए मतदान जारी

खंडवा जिले की पुनासा और हरसूद नगर परिषद के लिए मतदान चल रहा है। सुबह से कुछ केंद्रों पर कतार तो कुछ केंद्रों पर इक्का-दुक्का लोग ही मतदान के लिए नजर आए। नवगठित पुनासा नगर परिषद का यह पहला चुनाव है। यहां 15 वार्डों के लिए 70 प्रत्याशी मैदान में है। जिनका भाग्य 10106 मतदाता तय करेंगे। इसी प्रकार हरसूद नगर परिषद के 15 वार्डों में 78 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। यहां 16792 मतदाता नगर सरकार का भाग्य ईवीएम में बंद कर देंगे। शाम पांच बजे मतदान थम जाएगा। पुनासा और हरसूद के लिए मतदान का सिलसिला चल रहा है पहले दो घंटे में सुबह 9 बजे तक पुनासा में 25.37 प्रतिशत और हरसूद में 18.16 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ है। हरसूद की तुलना में पुनासा में चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह अधिक दिख रहा है। 30 सितंबर को मतगणना के साथ दोनों ही नगर सरकारों का भविष्य तय हो जाएगा। मतदान के पहले दो घंटे का मतदान प्रतिशत 9 बजे सामने आने पर मतदान प्रतिशत की रफ्तार और लोगों में चुनाव को लेकर उत्साह स्पष्ट हो सकेंगे।

मालवा-निमाड़ अंचल में यहां मतदान

झाबुआ

झाबुआ नगर पालिका में 30 हजार 539 मतदाता हैं। 18 वाडों के लिए 62 प्रत्याशी मैदान में हैं। पेटलावद नगर परिषद में 11 हजार 817 मतदाता 15 वार्डों के लिए 55 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। थांदला नगर परिषद में 12 हजार 2 मतदाता हैं। 15 वार्डों के लिए 53 प्रत्याशी मैदान में हैं। रानापुर नगर परिषद में 9 हजार 802 मतदाता और 54 प्रत्याशी 15 वार्डों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।

आलीराजपुर

आलीराजपुर नगर पालिका के 18 वार्डों में 45 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। जोबट नगर परिषद के 15 वार्डों में 8636 मतदाता हैं। 15 वार्डों के लिए 47 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। चंद्रशेखर आजादनगर में 9211 वोटर हैं। यहां 15 वार्डों में कुल 62 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

बुरहानपुर

बुरहानपुर जिले की नगर पालिका नेपानगर में 24 वार्ड हैं और 70 प्रत्याशी हैं। मतदाताओं की संख्या 23425 है।

खरगोन

खरगोन जिले की महेश्वर नगर परिषद के 14 वार्ड में 19639 मतदाता हैं। यहां 56 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मंडलेश्वर नगर परिषद में 15 वार्ड में 9530 मतदाता हैं। यहां 39 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। भीकनगांव नगर परिषद में 12928 मतदाता हैं। 15 वार्डों के लिए 74 उम्मीदवार मैदान में हैं।

खंडवा

खंडवा जिले की पुनासा और हरसूद नगर परिषद के चुनाव के लिए सोमवार को मतदान दलों ने सामग्री के साथ मोर्चा संभाल लिया है। नवगठित पुनासा नगर परिषद का यह पहला चुनाव है। 15 वार्डों के लिए 70 प्रत्याशियों का भाग्य 10106 मतदाता तय करेंगे। हरसूद नगर परिषद के 15 वार्डों में 78 प्रत्याशी भाग्य आजमा रहे हैं। चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलावा इस बार हिंदू महासभा भी मैदान में है । मतदाताओं की संख्या 16792 है।

रतलाम

रतलाम जिले की सैलाना नगर परिषद के लिए 8796 मतदाता मतदान करेंगे। 15 वार्डों के लिए 52 प्रत्याशी हैं।