भोपाल । राजधानी भोपाल में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव और नगर निगम के वार्डों का रिजर्वेशन 25 मई को होगा। भोपाल की 222 ग्राम पंचायतों के लिए सरपंच, 3 हजार से ज्यादा पंच, दो जनपद अध्यक्ष-सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों के लिए रिजर्वेशन सुबह 11 बजे से होगा, जबकि नगर निगम के वार्डों के लिए रिजर्वेशन प्रोसेस दोपहर 3 बजे रविंद्र भवन में की जाएगी। रिजर्वेशन के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी। किसी के समीकरण बनेंगे तो किसी के बिगड़ेंगे। भोपाल में दो जनपद फंदा और बैरसिया है। इनके अध्यक्ष के लिए भी रिजर्वेशन जिला पंचायत के हॉल में होगा। अगले दो घंटे में तस्वीर साफ हो जाएगी। सरपंच-पंच के लिए आरक्षण प्रोसेस जनपदों में ही की जाएगी। आरक्षण में कोई भी शामिल हो सकता है। हालांकि, उन्हें हाथों को सैनिटाइज करना पड़ेगा।
जनपदों में सुबह 11 बजे: जनपद पंचायत फंदा-बैरसिया में पहले 185 ग्राम पंचायतें थीं, यह संख्या परिसीमन के बाद बढ़कर 222 हो गई। इनमें फंदा की 96 और बैरसिया की 125 पंचायतें शामिल हैं। वहीं, दोनों जनपदों में कुल 3149 वार्ड है। जिनके लिए पंचों का रिजर्वेशन भी किया जाएगा। दोनों जनपदों में सुबह 11 बजे से आरक्षण की कार्रवाई की जाएगी।
जिला पंचायत में सुबह 11 बजे: जिपं के 10 और फंदा-बैरसिया जनपद के 50 वार्डों के लिए आरक्षण प्रोसेस जिला पंचायत के मीटिंग हॉल में सुबह 11 बजे से शुरू होगी। जनपद फंदा और बैरसिया अध्यक्ष पद के लिए भी रिजर्वेशन किया जाएगा।
आरक्षण प्रोसेस में कोई भी शामिल हो सकेगा। नगर निगम वार्डों के आरक्षण प्रोसेस देखने के लिए ऑडिटोरियम के बाहर टीवी स्क्रीन लगाई जाएगी। कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया, सैनिटाइज करने के बाद ही ऑडिटोरियम में एंट्री मिलेगी। सभी एंट्री गेट पर सैनेटाइजर रखा जाएगा।
प्रदेश के सभी जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए रिजर्वेशन 31 मई को दोपहर 12 बजे से होगा। रिजर्वेशन प्रोसेस जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान वाल्मी के ऑडिटोरियम में की जाएगी। इस पर सबकी नजर रहेगी। कई के समीकरण बनेंगे तो कइयों के गड़बड़ाएंगे।
प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद में महापौर-अध्यक्षों के लिए भी रिजर्वेशन राजधानी में होगा। हालांकि, अभी डेट तय नहीं हो पाई है।