शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुराचार, गर्भवती होने पर गर्भपात करवाया

युवती ने पुलिस अधीक्षक से की शिकायत, न्याय की लगाई गुहार

 

बैतूल। झल्लार थाना क्षेत्र के ग्राम डोक्या की एक युवती ने भैंसदेही क्षेत्र के ग्राम धामन्या निवासी युवक के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुराचार करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत युवती ने पुलिस अधीक्षक से की है। शिकायतकर्ता का कहना है कि उसकी मर्जी के बिना युवक द्वारा शादी का झांसा देकर जबरन अवैध संबंध बनाए गए, जब वह गर्भवती हुई तो युवक ने बहला-फुसलाकर उसे गर्भनिरोधक गोलियां खिलाकर गर्भपात करवा दिया। इससे उसकी तबीयत बिगड़ गई, बाद में युवक द्वारा शादी करने से इनकार कर दिया गया। जब युवती युवक के घर पहुंची तो युवक के परिजनों द्वारा युवती एवं उसके परिजनों के साथ मारपीट की गई। मामला पंचायत में भी गया लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया।

शिकायत आवेदन में पीड़िता ने बताया कि ग्राम धामन्या का अरविन्द पिता लालजी कास्देकर डोक्या में उसके रिश्ते की बुआ के घर आता जाता था। लगभग 2 साल पहले अरविन्द ने मुझसे सम्पर्क और बातचीत करना चालू किया। मना करने पर भी अरविन्द बातचीत करता था, पीछा करता था। शादी की बात करने के लिये घर आया था। परिजनों ने अरविन्द को यह कहकर मना कर दिया था कि लड़की शादी लायक नहीं हुई। फिर भी अरविन्द शादी करने की बात बार बार कहने लगा और जबरन मिलने लगा। अरविन्द चोरी छिपे कभी घर पर तो कभी खेत में मिलने आता था और शादी का वादा करता था। पीड़िता ने बताया कि कम उम्र होने के बाद भी अरविन्द ने शादी का झांसा देकर जबरन बलात्कार किया और गर्भपात कराकर जान लेने की कोशिश की। पुलिस थाना झल्लार में जाकर पुलिस वालों को सारी घटना बताई, बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। पीड़िता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपी युवक पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।