आयुष्मान आरोग्य मंदिर निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, इंजीनियर के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश
आयुष्मान आरोग्य मंदिर निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, इंजीनियर के विरुद्ध कार्यवाही के निर्देश
-------------
बटकीडोह हाई स्कूल में विद्यार्थियों से किया संवाद, सभी स्कूलों में करियर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश
-----------
बैतूल 17 जुलाई,2026/कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी विकासखंड के ग्राम बटकीडोह का भ्रमण कर आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं शासकीय हाई स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कमियां पाए जाने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियर के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को दिए।
कलेक्टर ने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि जिले के सभी प्रगतिरत, अपूर्ण एवं हैंडओवर किए जा चुके आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का स्वयं फील्ड में जाकर निरीक्षण करें तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके बाद कलेक्टर डॉ सोनवणे ने शासकीय हाई स्कूल बटकीडोह का निरीक्षण कर कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रुचि, भविष्य की योजनाओं और करियर संबंधी आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 10 दिनों के भीतर जिले के सभी स्कूलों में करियर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की सही जानकारी मिल सके। साथ ही विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए मोटिवेशनल गतिविधियां भी नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में जो भी क्षेत्र चुने चाहे डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, चित्रकार, खिलाड़ी या कोई अन्य क्षेत्र उसमें उत्कृष्टता प्राप्त करने का लक्ष्य अभी से निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत एवं समर्पण के साथ प्रयास करें। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर परिश्रम ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय का भी अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विद्यालय के सुव्यवस्थित संचालन एवं शैक्षणिक वातावरण के लिए शिक्षक श्री एम.के. दास की सराहना करते हुए कहा कि एक अच्छा शिक्षक पूरे विद्यालय की दिशा बदल सकता है। उन्होंने विद्यालय के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कलेक्टर डॉ सोनवणे ने स्मार्ट क्लास के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने यहां ग्रामीणों की मांग पर बिजली के लिए खंभे, पेयजल के लिए कुआं और आंगनवाड़ी भवन के लिए उपयुक्त स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए।


हादसे के बाद प्रशासन सख्त, सुपरवाइजर पर गिरी गाज और कंपनी हुई ब्लैकलिस्ट
शिक्षा मंत्रालय में बड़ा बदलाव! प्रल्हाद जोशी ने संभाला कार्यभार
'न कर्फ्यू-न दंगा, सब चंगा', योगी के बयान से मैनपुरी की सियासत गरमाई
कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा खुलासा! बोले- आंदोलन के पहले दिन इस्तीफा देना चाहते थे धर्मेंद्र प्रधान
अनियंत्रित कार बनी मौत का जाल, तालाब में डूबने से एक ही परिवार के 5 लोगों की जान गई