रिंगढ़ाना अग्निकांड: कुसुम किलेदार ने पीड़ित परिवारों को बांटी राहत सामग्री, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

भैंसदेहीl सुनील सोनारे 
 विकासखंड भीमपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत रंभा के ग्राम रिंगढ़ाना में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के बीच बुधवार को भैंसदेही नगर परिषद की उपाध्यक्ष एवं भाजपा जनकल्याण संघ की प्रदेश अध्यक्षा  कुसुम किलेदार पहुंचीं। उनके साथ उनके पति एवं जिला पंचायत सदस्य श्री राजा ठाकुर किलेदार भी मौजूद रहे।

दोनों ने आग से प्रभावित लगभग 20 परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान पीड़ित परिवारों की महिलाओं को 100 से अधिक साड़ियां वितरित की गईं। वहीं बच्चों एवं पुरुषों के लिए आवश्यक कपड़े तथा अन्य उपयोगी सामग्री भी प्रदान की गई।

 कुसुम किलेदार ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली  कुसुम किलेदार क्षेत्र से कुछ समय बाहर रहने के बाद वापस लौटीं और लौटते ही रिंगढ़ाना पहुंचकर अग्निकांड पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ितों के दुख-दर्द को साझा करते हुए राहत सामग्री का वितरण किया।

इस सेवा कार्य में नागरिक सेवा सहकारी बैंक के प्रबंधक दिनेश राठौर एवं  केशो महाले का भी विशेष सहयोग रहा। राहत सामग्री के संग्रहण एवं वितरण में उनके योगदान की ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सराहना की गई।

उल्लेखनीय है कि रिंगढ़ाना गांव में हुई भीषण आगजनी की घटना में लगभग 20 मकान जलकर राख हो गए थे। आग की चपेट में आने से कई परिवारों की गृहस्थी, कपड़े, खाद्यान्न, महत्वपूर्ण दस्तावेज, बच्चों की किताबें एवं अन्य आवश्यक सामग्री नष्ट हो गई थी। ऐसे कठिन समय में समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा की जा रही सहायता प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आ रही है।