एसडीएम ने किया बडोरा कृषि उपज मंडी का निरीक्षण, तौल काँटों को किया चेक 

बडोरा स्थित कृषि उपज मंडी का बैतूल कलेक्टर डॉ सौरव सोनवाने के निर्देशानुसार आज अनुविभागीय दण्डाधिकारी, बैतूल डॉ. अभिजीत सिंह द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपार्जन कार्य को कृषकों के लिए सुगम, पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा समस्त प्रक्रियाओं के सरलीकरण हेतु संबंधितों को निर्देशित किया गया। मंडी परिसर में साफ-सफाई, सुव्यवस्थित संचालन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में मंडी सचिव एवं प्रबंधन स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
वर्तमान में मंडी से कृषि उपज का समुचित एवं निरंतर उठाव किया जा रहा है तथा परिवहन के माध्यम से नियमित रूप से मंडी परिसर से बाहर प्रेषण हो रहा है। निरीक्षण के दौरान आवागमन व्यवस्था सुचारू पाई गई एवं किसी प्रकार की बाधा/अवरोध परिलक्षित नहीं हुआ।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित कृषकों से चर्चा कर मंडी व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया गया तथा प्राप्त सुझावों के अनुरूप आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
साथ ही, अनुविभागीय दण्डाधिकारी  द्वारा स्वयं व्यापारियों के कांटों पर खड़े होकर तौल की जांच की गई, जिससे उपयोग में लाए जा रहे कांटों की शुद्धता एवं विश्वसनीयता का परीक्षण सुनिश्चित किया जा सके।