बैतूल मे खड़ी क्रेन से टकराई कार, तीन युवकों की मौत, दो लोग घायल 

बैतूल। बैतूल में इटारसी रोड स्थित बसंत पेट्रोल पंप के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार कार में पांच युवक सवार थे, जो किसी ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार क्रमांक MP04 yp 3795 के दरवाजे और कांच तोड़कर फंसे युवकों को बाहर निकाला। घायलों को 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में ऋतिक सोलंकी (30) निवासी गर्ग कॉलोनी, विनय प्रजापति (21) निवासी रामनगर और अभय ठाकुर (22) निवासी रामनगर शामिल हैं। वहीं देवा पांडे (32) निवासी गंज और आकाश पाल (30) निवासी रामनगर का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा।
प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।