30 एकड़ का मालिक पिता दर-दर भटक रहा

बुजुर्ग पिता को न्याय दिलाने एसपी आफिस पहुंचे बालाजीपुरम संस्थापक सेम वर्मा

बैतूल। 30 एकड़ जमीन का मालिक और पांच लड़कों के पिता ने कभी नहीं सोचा था कि उसे बुढ़ापे में दाने-दाने को मोहताज होना पड़ेगा और उसकी ही संतानें उसकी जान की दुश्मन बन जाएंगी। लेकिन ऐसा ही कुछ देखना पड़ रहा है बैतूल जिले के आमला के ससुंद्रा गांव के भद्दू धाकड़ को। आज सोमवार की सुबह बालाजीपुरम संस्थापक सेम वर्मा इस बुजुर्ग को लेकर एसपी आफिस पहुंचे और दोषी बच्चों के खिलाफ कार्रवाई और जमीन से बेदखल कर वापस जमीन पिता को दिलाने की मांग की। एसपी ने भी तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए।

इस दौरान बुजुर्ग भद्दू ने सभी को अपनी प्रताड़ना की दर्दभरी कहानी सुनाई। एक समय ससुन्द्रा गांव के पटेल कहलाने वाले भद्दू जब बुजुर्ग हुए तो बेटों ने खेती संभाली। लेकिन यहीं से उनकी दुर्दशा आरंभ हुई। शादी होने के बाद बच्चों ने उन्हें प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। अपनी कहानी बताते हुए बुजुर्ग भद्दूकी आंखों में गुस्सा और आंसू एक साथ आते हैं। वे बताते हैं कि बच्चों ने विशेषकर दोनों बड़े लड़कों ने उन्हें बहुत मारा और जान से मारने की कोशिश की। कई कई दिन तक वे कमरे में बंद रखते थे। उनकी पत्नी को भी प्रताड़ित करते हैं अब वह लकवे का शिकार है। 
इस पूरे मामले की शिकायत उन्होने आमला थाने से लेकर, कलेक्टर- एसपी और मुख्यमंत्री तक की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एसडीएम आमला ने जरूर एक-एक हजार रूपये प्रति माह भरण-पोषण देने का आदेश पांचों बच्चों को दिया। लेकिन किसी ने कभी कोई पैसा नहीं दिया। एसडीएम ने थाना प्रभारी को कार्रवाई के लिए लिखा लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 

मुख्यमंत्री के सामने आत्मदाह के लिए पहुंचा था बुजुर्ग 

पिछले 23 दिसंबर को मुख्यमंत्री मोहन यादव बैतूल आए थे तब बुजुर्ग परेशान होकर आत्मदाह के लिए पहुंचा था लेकिन पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। 

बालाजीपुरम देगा बुजुर्ग का साथ

बालाजीपुरम संस्थापक सेम वर्मा आज सोमवार को को बुजुर्ग को साथ लेकर एसपी आफिस पहुंचे। इस दौरान उनके साथ सुनील व्दिवेदी, बलवंत धोटे, बबलू खुराना, अशोक देशमुख, राज बाघमारा आदि थे। लंबे समय से बुजुर्ग की निशुल्क सहायता करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता दीपक पाल और श्रेयांस पाल भी थे। श्री वर्मा ने बताया कि बुजुर्ग बालाजी के दरबार अपनी अर्जी लेकर आया था। वृंदावन से फूलवती माता की घर वापसी से वह प्रभावित था। इसलिए बालाजीपुरम परिवार उसको हर हाल में न्याय दिलाएगा। 

एसपी का ठोस कार्रवाई का आदेश

एसपी वीरेंद्र जैन ने थाना प्रभारी आमला को दोषी लड़कों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।