जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में कोताही न बरते अधिकारी: कलेक्टर  सूर्यवंशी
---
जनसुनवाई में कलेक्टर ने आमजन की सुनीं समस्याएं
---
 
बैतूल 
         बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में आवेदकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पेंशन, आवास, बिजली, पानी, भूमि विवाद सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। इस दौरान कलेक्टर ने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
       जनसुनवाई में घोड़ाडोंगरी के ग्राम माथनी निवासी चंद्रवती धुर्वे ने संबल योजना की राशि नहीं मिलने की समस्या बताई जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने श्रम अधिकारी बैतूल एवं जनपद सीईओ घोड़ाडोंगरी को सख्त निर्देशित किया आवेदक कि समस्या का त्वरित समाधान कराएं और ऐसे सभी हितग्राही जिसे किसी खाता संबंधी या अन्य तकनीकी कारण से राशि खाते में अंतरित नहीं हो पा रही हैं। ऐसे सभी प्रकरणों को समीक्षा में लेकर निराकरण कराएं।  जनसुनवाई में 116 आवेदन प्राप्त हुए। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। 

---भूमि से अवैध कब्जे को हटाने के दिए निर्देश---
जनसुनवाई में मुलताई निवासी संदीप मधुकर ने आवेदन के माध्यम से अतिक्रमण संबंधी समस्या बताई। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने तहसीलदार मुलताई को अतिक्रमण की जांच एवं सीमांकन कर हटवाने के निर्देश दिए। आमला के ग्राम रमली निवासी लक्ष्मण पिता संपत ने जनसुनवाई में बताया कि उनकी ग्राम रमली स्थित कृषि भूमि पर अनावेदक द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया हैं। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने तहसीलदार मुलताई से आवेदन के सम्बन्ध में की गई कार्यवाही की जानकारी ली और आवेदक के साथ मौके कर जाकर समस्या का स्थाई समाधान कराने के लिए निर्देशित किया। ग्राम बादलपुर निवासी वर्षा कहार ने जमीन का कब्जा दिलाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने घोड़ाडोंगरी तहसीलदार को प्रकरण का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। 
जनसुनवाई में मुलताई के योगीराज काकोरिया ने बताया कि अपनी भूमि पर प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत होने के बावजूद मकान बनाने में बाधा आ रही हैं, जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने तहसीलदार मुलताई को आवेदन की जांच कर निराकरण करने के निर्देश दिए। घोड़ाडोंगरी निवासी रुपेश सूर्यवंशी ने निजी भूमि पर बोर नहीं करने दिए जाने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने घोड़ाडोंगरी तहसीलदार को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। 

---फसल मुआवजा दिलाए जाने की मांग---
जनसुनवाई में ग्राम जीन निवासी सत्यम राठौर ने फसल मुआवजा दिलाए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। बैतूल के चंद्रशेखर वार्ड निवासी रघुनाथ श्याम राव श्री ने आवेदन के माध्यम से स्मार्ट मीटर के एवरेज बिल के स्थान पर रीडिंग बिल देने की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने एमपीईबी के संबंधित अधिकारियों को जांच कर बिल में सुधार करने के निर्देश दिए। ग्राम खेड़ी सावलीगढ़ निवासी राजू ने गरीबी रेखा सर्वे सूची में नाम दर्ज किए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने तहसीलदार को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।