बैतूल को मिला स्वास्थ्य का नया भविष्य, मेडिकल कॉलेज से बदलेगी बैतूल की तस्वीर और तकदीर : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा
बैतूल को मिला स्वास्थ्य का नया भविष्य, मेडिकल कॉलेज से बदलेगी बैतूल की तस्वीर और तकदीर : केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा
---
बैतूल को स्वास्थ्य जगत में अग्रणी बनाने में मील का पत्थर साबित होगा मेडिकल कॉलेज
-------
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने की घोषणा, मुलताई का नाम मूलतापी होगा
-------
बैतूल जिलेवासियों को को मिली मेडिकल कॉलेज की सौगात
-------
383 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन और लोकार्पण
-------
बैतूल 23 दिसम्बर,2025/केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जेपी नड्डा ने बैतूल में पीपीपी मोड पर बनने जा रहे मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन कार्यक्रम को जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया उन्होंने बैतूलवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह मेडिकल कॉलेज जिले की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने वाला सिद्ध होगा। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा आज बैतूल जिले के पुलिस ग्राउंड में आयोजित मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री श्री नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने यहां पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास सहित 383 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा व बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भैंसदेही विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार, मैनेजिंग डायरेक्टर आरकेडीएफ श्री सिद्धार्थ कपूर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।
केंद्रीय स्वास्थय मंत्री श्री नड्डा ने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज के माध्यम से आने वाले समय में गांव-गांव तक अच्छे डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। यहां पोस्ट ग्रेजुएट स्तर तक की चिकित्सा शिक्षा दी जाएगी, जिससे बैतूल को स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक अग्रणी स्थान प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल बीमारों का इलाज करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि लोग बीमार ही न पड़े, यही हमारी साधना है।
---प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए अमूलचूल परिवर्तन ---
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं के विकेंद्रीकरण पर गंभीरता से काम किया गया है। आज देशभर में 1 लाख 81 हजार आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से जच्चा-बच्चा की समुचित देखभाल की जा रही है। उन्होंने बताया कि कई गंभीर बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया है। कुष्ठ रोग से देश को मुक्त किया जा चुका है, ट्रेकोमा अब गंभीर बीमारी नहीं रही और मीजल्स-रूबेला से भी देश को छुटकारा मिल चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में अमूलचूल परिवर्तन किए हैं। देश में जन्म लेने वाले प्रत्येक बच्चे को 12 प्रकार के जीवन रक्षक टीकों के अंतर्गत 27 डोज लगाए जा रहे हैं। जन्म से लेकर 16 वर्ष की उम्र तक बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता की जा रही है, ताकि एक स्वस्थ बच्चे को स्वस्थ नागरिक बनाया जा सके।
---भारत में मातृ मृत्यु दर में पिछले पांच वर्षों में उल्लेखनीय कमी आई है---
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि भारत में मातृ मृत्यु दर में पिछले पांच वर्षों में उल्लेखनीय कमी आई है और यह दर अब वैश्विक स्तर पर काफी बेहतर स्थिति में है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से डायबिटीज, कैंसर और हाईपरटेंशन जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि टेली-मानस सेवा के जरिए अब तक 30 लाख से अधिक लोगों को मानसिक स्वास्थ्य परामर्श का लाभ मिला है। वहीं 40 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग कर उच्च रक्तचाप की जांच की है। इसके तहत 6 करोड़ 80 लाख लोगों को नियमित दवाएं दी जा रही हैं, जबकि 4 करोड़ 60 लाख डायबिटीज मरीजों का इलाज किया जा रहा है। श्री नड्डा ने कहा कि डायबिटीज के कारण हृदय रोग, किडनी फेलियर और आंखों की रोशनी जाने जैसी गंभीर समस्याओं को रोकने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम किया जा रहा है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा ने देश में स्वास्थ्य सेवाओं में आए ऐतिहासिक बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत आज कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए अब तक देशभर में महिलाओं की साढ़े आठ करोड़ से अधिक स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिसमें 90 हजार महिलाओं में कैंसर की पुष्टि हुई और उनका इलाज शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर के मामले में भी साढ़े पंद्रह करोड़ महिलाओं की स्क्रीनिंग की गई है, जिनमें 75 हजार 500 महिलाओं का उपचार वर्तमान में चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा ने कहा कि ग्लोबल रिपोर्ट के अनुसार जहां पूरी दुनिया में टीबी में 12 प्रतिशत की कमी आई है, वहीं भारत में यह कमी 21 प्रतिशत तक दर्ज की गई है।
---आयुष्मान से मिली गरीबों को बड़ी राहत---
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन हुआ है। आयुष्मान भारत योजना के तहत देश के 62 करोड़ गरीब और जरूरतमंद नागरिकों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए सालाना 5 लाख रुपए तक की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को भी 5 लाख रुपए प्रतिवर्ष इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
---बदलता भारत में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 821 पहुंची---
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा ने बदलते भारत की तस्वीर पेश करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में देश में केवल 387 मेडिकल कॉलेज थे, जो आज बढ़कर 819 हो गए हैं। धार और बैतूल में मेडिकल कॉलेज जुड़ने के बाद यह संख्या 821 हो जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले देश में एमबीबीएस की सीटें 51 हजार थीं, जो अब बढ़कर 1 लाख 29 हजार हो चुकी हैं। वहीं पोस्ट ग्रेजुएट सीटें 31 हजार से बढ़कर 80 हजार हो गई हैं। उन्होंने ने बताया कि भारत सरकार ने 14 नए मेडिकल कॉलेजों को मंजूरी दी है। मध्य प्रदेश की बात करते हुए उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में सिर्फ 5 मेडिकल कॉलेज थे, जो आज बढ़कर 33 हो चुके हैं। आने वाले समय में मध्य प्रदेश में 50 से अधिक मेडिकल कॉलेज होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में देश के अर्थव्यवस्था बदल रही है, भारत आज चौथे नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है। आज 300 से ज्यादा मोबाइल फैक्ट्रियां भारत में और मोबाइल पर मेड इन इंडिया लिखा है। भारत की जनता डिजिटल पेमेंट का उपयोग कर रही है, यह बदलते भारत की पहचान है।
जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को मिली अभूतपूर्व गति : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि बैतूल जिले को मेडिकल कॉलेज के साथ आज कई महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान मध्यप्रदेश सरकार के दो वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और इस अवधि में जनकल्याणकारी योजनाओं को अभूतपूर्व गति मिली है। इसी क्रम में भोपाल और इंदौर—दोनों शहरों में मेट्रो ट्रेन का संचालन प्रारंभ होना राज्य के बदलते दौर का प्रतीक है।
केन–बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड में सिंचाई और पेयजल आपूर्ति होगी सुदृढ़
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन–बेतवा नदी जोड़ो परियोजना से उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश राज्य के किसानों को व्यापक लाभ मिलेगा। इस परियोजना से उद्योग-धंधों को बढ़ावा मिलेगा तथा बुंदेलखंड क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि पार्वती–कालीसिंध–चंबल (पीकेसी) नदी जोड़ परियोजना को प्रधानमंत्री की मौजूदगी में मंजूरी दी गई है। वहीं, ताप्ती नदी से जुड़ा महाराष्ट्र राज्य के साथ लगभग 70 हजार करोड़ रुपये की बड़ी योजना किसानों के हित में तैयार की गई है।
बैतूल जिले में बनेगा जनजातीय संग्रहालय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, महिला, किसान सहित सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आदिवासी अंचल के महान नायकों—रानी दुर्गावती, राजा भभूत सिंह, शंकर शाह, रघुनाथ शाह और बादल भोई—के सम्मान में संग्रहालय बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत न्यास एवं भारत सरकार के सहयोग से बैतूल जिले में भी जनजातीय संग्रहालय बनाने की घोषणा की गई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 को “उद्योग वर्ष” घोषित किया गया है। इससे उद्योग-धंधों को नई गति मिली है और युवाओं, महिलाओं व किसानों के लिए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं। अब तक साढ़े छह लाख करोड़ रुपये के भूमिपूजन और लोकार्पण किए जा चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के अवसर पर ग्वालियर में दो लाख करोड़ रुपये के नए भूमिपूजन और लोकार्पण प्रस्तावित हैं।
गुड़ क्लस्टर की स्थापना और मोही इंडस्ट्रियल क्लस्टर की घोषणा
मुख्यमंत्री ने बैतूल में गुड़ क्लस्टर की स्थापना, कोसमी औद्योगिक इकाई के सेकेंड फेज तथा कड़ाई वुडन क्लस्टर बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार और आय के अवसर सृजित होंगे। साथ ही, मुलताई के मोही उद्योग क्षेत्र को इंडस्ट्रियल क्लस्टर के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की गई।
---पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज जिले की बड़ी सौगात बैतूल विधायक श्री खंडेलवाल ---
पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भाजपा व बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आज का दिन बैतूल जिले के लिए गौरव, सम्मान और ऐतिहासिक उपलब्धि का प्रतीक है। आजादी के बाद पहली बार जिला स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में इतनी बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। यह दिन बैतूल के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बैतूल एक जनजातीय अंचल है, जहां अब तक गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को भोपाल और नागपुर जैसे बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने के बाद अब जिले के लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। श्री खंडेलवाल ने कहा कि पीपीपी मोड पर बनने वाला यह मेडिकल कॉलेज गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी सौगात है। आने वाले समय में यहां एक हजार बेड की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि यहां 75 प्रतिशत तक मरीजों को नि:शुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी और बड़े से बड़ा उपचार अब बैतूल में ही संभव हो सकेगा।
---सारणी के सतपुड़ा थर्मल पावर प्लांट 660 मेगावाट की नई इकाई के लिए मुख्यमंत्री जी का माना आभार---
बैतूल विधायक श्री खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सतपुड़ा थर्मल पावर प्लांट, सारणी में 660 मेगावाट की नई इकाई की स्वीकृति से जिले के विकास को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में बैतूल को खेलों के हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में बैतूल की पहचान प्रदेश और देश में एक प्रमुख खेल केंद्र के रूप में होगी, जहां हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्तर के खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। विधायक श्री खंडेलवाल ने मध्य प्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन फॉरेस्ट की स्थापना के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में लैंड बैंक की तलाश की जा रही है और आगामी पांच वर्षों में बैतूल में विभिन्न प्रकार के उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और जिला विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
---मेडिकल कॉलेज जनजातीय अंचलों के लिए मील का पत्थर साबित होगा: केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री उईके---
केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री दुर्गादास उईके ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन बैतूल जिले के लिए स्वर्णिम अवसर है। मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन के साथ ही जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नए युग की शुरुआत हो रही है। यह मेडिकल कॉलेज आसपास के जनजातीय अंचलों के लिए भी मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की सौगात देने के लिए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जेपी नड्डा एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री श्री उईके ने कहा कि बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के सतत प्रयासों और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के कारण ही जिले को यह बहुप्रतीक्षित मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली है। इससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे और आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भरेवा शिल्पकार बलदेव वाघमारे और इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में प्रथम स्थान प्राप्त छात्रा त्रिशा तावड़े हुए सम्मानित, हितग्राहियों को हितलाभ वितरित
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे पी नड्डा तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के गौरव, भरेवा कला के सुप्रसिद्ध शिल्पकार श्री बलदेव वाघमारे को सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसके साथ ही ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड के अंतर्गत सेंट्रल जोन में महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली जिले की होनहार छात्रा सुश्री त्रिशा तावड़े को भी सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लाभ भी वितरित किए गए, जिनमें सुश्री ललिता सहाने को आयुष्मान कार्ड, सुश्री रीता वानखेडे को सिकलसेल कार्यक्रम अंतर्गत सिकलसेल जेनेटिक कार्ड तथा श्री संजय चढोकार को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत 10.00 लाख का चेक प्रदान किया गया।


कलयुगी बेटे का कहर, पिता को पीटकर मार डाला
Lenskart पॉलिसी विवाद गरमाया, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की टिप्पणी से बढ़ी बहिष्कार की मांग
स्पष्टीकरण न देने वालों पर गिरेगी गाज, संगठन में मचा हड़कंप
अमित शाह का तीखा हमला, बोले—राहुल की पार्टी बंगाल में शून्य पर सिमटेगी
हवाई यात्रियों के लिए गुड न्यूज: बिलासपुर से देश की राजधानी के लिए हवाई मार्ग से जुड़ाव शुरू
शांति वार्ता पर संकट, होर्मुज में फिर भड़का सैन्य तनाव
बैतूल कलेक्टर ने स्कूल और आँगनवाड़ी का किया निरीक्षण और आंगनवाड़ी मे भोजन चखकर देखा