नगर परिषद कर्मचारियों पर प्रताड़ना के आरोप कलेक्टर व प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन
नगर परिषद कर्मचारियों पर प्रताड़ना के आरोप
कलेक्टर व प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन
आठनेर।नगर परिषद आठनेर के कुछ कर्मचारियों पर मानसिक प्रताड़ना, अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप लगाते हुए आठनेर निवासी प्रतिभा साहू ने कलेक्टर एवं प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन नगर परिषद से जुड़े अतिक्रमण हटाने और 181 पर की गई शिकायत से संबंधित बताया गया है। आवेदिका ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में प्रतिभा साहू ने बताया कि वह ग्राम आठनेर की स्थायी निवासी हैं और पिछले 10 से 12 वर्षों से गुमठी में ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही थीं। नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने का नोटिस मिलने के बाद उन्होंने अपना ठेला हटा लिया था, लेकिन बाद में अन्य लोगों को उसी स्थान पर दोबारा ठेला लगाने की अनुमति दे दी गई। उनका आरोप है कि उनकी जगह किसी अन्य व्यक्ति का पान ठेला रखवाया गया, जिस पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने 181 पर शिकायत दर्ज कराई थी।
आवेदिका के अनुसार 10 दिसंबर को नगर परिषद के दो कर्मचारी उनके घर पहुंचे और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि इस दौरान उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी गईं। इसके बाद 12 दिसंबर को नगर परिषद के एक वाहन चालक द्वारा उनके घर के सामने कचरा वाहन खड़ा किए जाने का भी उल्लेख किया गया है, जिसे मुख्य नगर परिषद अधिकारी के निर्देश पर बताया गया।
प्रतिभा साहू ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि बार-बार की कथित प्रताड़ना से उनका परिवार मानसिक तनाव में रहा, जिसके चलते उनके भाई द्वारा आत्मदाह का प्रयास किया गया। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि पिछले आठ माह से उन्हें और उनके परिवार को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है, झूठी शिकायतें कराई जा रही हैं और बदनामी की जा रही है। प्रतिभा साहू ने ज्ञापन के माध्यम से नगर परिषद कर्मचारियों के खिलाफ उचित जांच एवं कार्रवाई की मांग की है, ताकि उन्हें और उनके परिवार को न्याय मिल सके।


AAP में अंदरूनी कलह बढ़ी, पार्टी की दिशा को लेकर विश्लेषकों की चिंता
साडा अध्यक्ष पद के लिए अशोक शर्मा का नाम चर्चा में
श्री विश्वकर्मा महापंचायत संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक 30 को बैठक में होंगे कई महत्वपूर्ण निर्णय
बंगाल में कानून-व्यवस्था पर घमासान, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप
विधानसभा-1 के वार्ड 9 से अभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी पर जोर