बैतूल में मंगलवार से लगेगा जलसा द सतरंगी मेला

देशभर की उद्यमी महिलाएं होंगी शामिल

बैतूल। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महावीर इंटरनेशनल संकल्प बैतूल व्दारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दो दिवसीय जलसा द सतरंगी मेला और प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। संस्था की अध्यक्ष वीरा अंशु पगारिया ने बताया कि महावीर इंटरनेशनल का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को ऐसा सशक्त प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने व्यवसाय को बढ़ावा देकर आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार में सहयोग दे सकें। उन्होंने बताया कि हर वर्ष बैतूल सहित अन्य शहरों से लगभग 40 से 45 महिला उद्यमी इस आयोजन में भाग लेती हैं और अपने व्यवसायिक क्षेत्र में उन्नति प्राप्त करती हैं।

वीरा अंशु पगारिया ने आगे बताया कि इस वर्ष यह मेला आज 16 दिसम्बर मंगलवार और 17 दिसम्बर बुधवार को खुशबू लान, कॉलेज रोड बैतूल में आयोजित होगा। मेले में साड़ी, सलवार सूट, कोट सूट, बच्चों और युवाओं के कपड़े, इमिटेशन और सिल्वर ज्वेलरी, हस्तशिल्प, घर सजाने की सामग्री, चादर, कंबल और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। वर्धमान अस्पताल द्वारा निःशुल्क चिकित्सा जांच शिविर लगाया जाएगा। साथ ही फायनेंस एडवाइजर श्रीमती प्रीति ओसवाल द्वारा फंड मैनेजमेंट और लाइफ प्लानिंग संबंधी सलाह भी दी जाएगी।

मेले में मनोरंजन खेलों के साथ 5 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस और 15 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए एनवलप प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें इच्छुक लोग पंजीयन कर भाग ले सकेंगे। महावीर इंटरनेशनल संकल्प ने सभी नागरिकों से मेले में उपस्थित होकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।