*पवित्र नगरी के बड़े हनुमान मंदिर में अज्ञात चोर ने  मात्र कुछ मिनटों में हनुमानजी की प्रतिमा पर लगे सोने के तिलक पर किया हाथ साफ*

*मुलताई*✍️ विजय खन्ना 


नगर के ताप्ती वार्ड में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बड़े हनुमान मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा पर लगा सोने का तिलक दिनदहाड़े अज्ञात चोर द्वारा चुरा ले जाने का मामला सामने आया है।  मंदिर के गर्भगृह में श्रद्धालुओ का  प्रवेश वर्जित होने के बावजूद अज्ञात चोर ने आंखों से काजल चुराने की तर्ज पर मात्र कुछ मिनटों में तिलक चोरी को अंजाम दे दिया।मंदिर के पुजारी ने तिलक चोरी की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है। मंदिर के पुजारी दुर्गादास वैष्णव ने थाना प्रभारी को सौंपी शिकायत में बताया  मंगलवार सुबह 8:30 बजे के दरमियान  उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना की। उस दौरान हनुमानजी की प्रतिमा पर तिलक लगा था। हनुमान मंदिर में पूजन करने के बाद वह मंदिर परिसर में स्थित  दुर्गा मंदिर में पूजा करने चले गए थे।इस दौरान हनुमान मंदिर में कुछ  श्रद्धालु दर्शन और  पाठ कर रहे थे। जब वह दुर्गा मंदिर से पूजा करने के बाद हनुमान मंदिर में पहुंचे तो  हनुमानजी  की प्रतिमा पर लगा सोने का तिलक नदारद मिला। पुजारी दुर्गादास वैष्णव ने बताया हनुमान जी की प्रतिमा पर लगा सोने का तिलक कई वर्षों पुराना था।जिसका वजन लगभग एक तोले था। पुजारी ने थाना प्रभारी से चोरी की घटना की जांच करने की मांग की है। गौरतलब है कि 
पवित्र नगरी में स्थित बड़े हनुमान मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है शनिवार और मंगलवार को बड़ी संख्या में दर्शन के लिए श्रद्धालु मंदिर पहुंचने हैं। मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालु की भावना भी आहत हुई है।