*नगर में निकला विराट पथ संचलन*
 
*चौक-चौराहों पर विशेष रांगोली, पुष्प वर्षा की बौछार* 

भैंसदेही माँ पूर्णा की नगरी भैंसदेही में रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय से विराट पथ संचलन निकला। पथ संचलन बस स्टैंड, शीतला माता मंदिर, काटोल मोहल्ला, गजानन बुक डिपो, मस्जिद, लालजी मंगलवारी, देवी मंदिर, सुनार मोहल्ला, विठ्ठल किराना, राम मंदिर, एसबीआई बैंक होते हुए थाने के सामने से शीतला चौक से विद्यालय पर संपन्न हुआ। इस दौरान पथ संचलन का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंचासीन मुख्य अतिथि अरूण जैन, जिला सह संघ चालक खेमराज डढोरे, खंड संचालक ताप्ती प्रसाद चंदेल, मुख्य वक्ता नर्मदापुरम विभाग सह सेवा प्रमुख अभिषेक खंडेलवाल रहे। मुख्य वक्ता नर्मदापुरम विभाग सह सेवा प्रमुख अभिषेक खंडेलवाल ने बताया कि वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन डॉक्टर केशव बलिराम हेडगेवार ने नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की नींव रखी थी। मात्र 15 वर्षों में उन्होंने संघ को पूरे देश में विस्तार दिया। द्वितीय सरसंघचालक श्री गुरुजी ने अपने 33 वर्षों के कार्यकाल में समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में जागरण किया। बाला साहब देवरस ने समाज की चुनौतियों को पहचाना और समाधान की दिशा में कार्य किया। यहां आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र सिंह चौहान सहित संघ की विचारधारा से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं ने आयोजित पथ संचलन के निर्धारित मार्गों पर बैंड की धुन पर कदमताल कर नगर भ्रमण किया। सामाजिक समरसता और कुटुंब प्रबोधन तथा स्वदेशी से देश की निति बदलने के अपने संकल्प को दोहराते हुए संगठन गढऩे एंव सुपंथ पर बढऩे वाले अपने 100 वर्षो के इतिहास एंव सामूहिक शक्ति का परिचय दिया, पथ संचलन में शामिल सभी स्वयं सेवको का नगर के चौक चौराहों पर नगर नागरिको द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत एंव उत्साहवर्धन किया गया। तुलजाई कोचिंग निशुल्क संस्था द्वारा भैंसदेही के चौक-चौराहे पर विशेष रांगोली व पुष्पवर्षा से पथ संचलन का भव्य स्वागत किया। सकल हिन्दू समाज, एबीवीपी,  धार्मिक संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर समापन किया गया।