ककड़ी चोरी करने गए नाबालिग की करंट लगने से मौत – दो आरोपी गिरफ्तार* 

 

बैतूल मप्र l खेत में लगी ककड़ी बाड़ी में ककड़ी चोरी करने गया नाबालिग बालक की करंट लगने से मौत हो गई शिकायत के बाद पुलिस ने खेत में करंट लगाने वाले दो आरोपी किसानों को गिरफ्तार कर लिया है l घटना बीजादेही थाना क्षेत्र की है 13 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि अमित ऊईके उम्र 17 वर्ष का शव बाड़ी के पास पड़ा हुआ है तब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंच नामा बनाकर पोस्टमार्टम कराकर मार्ग जांच में लिया l 

 


परिजनों का कहना है कि  11 सितंबर की  रात्रि लगभग 8 बजे खाना खाने के बाद अमित फॉरेस्ट नाके के पास दुकान पर गया था। पुलिस जांच के दौरान मृतक के दोस्तों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि 11/09/2025 की रात्रि को अमित अपने दोस्तों के साथ मोबाइल गेम खेल रहा था। इसी दौरान वह अपने एक नाबालिग मित्र के साथ पास के खेत में ककड़ी तोड़ने गया, जहाँ उसे करंट लग गया और उसकी मृत्यु हो गई।


पुलिस अधीक्षक बैतूल  वीरेंद्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  कमला जोशी तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शाहपुर  मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में जांच की गई। पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देशानुसार सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया।  निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल से साक्ष संकलन की कार्यवाही कराई जाकर विधिवत फोटोग्राफी कराई गई।


पुलिस ने जांच  में पाया  कि आरोपी हरि सलाम पिता छोटेलाल सलाम उम्र 60 वर्ष निवासी ग्राम चिखलीमाल ने अपने खेत की सुरक्षा के लिए बिजली के करंट वाले तार लगाए थे। घटना के बाद हरि सलाम ने बिना किसी को बताई  तारों को निकालकर घर में छुपा दिया। बाद में, अपने दामाद संतोष धुर्वे पिता मंसूलाल धुर्वे उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम पाण्डाझिरी के साथ मिलकर 12-13 सितंबर की मध्यरात्रि में मृतक का शव रस्सी और लकड़ी की बल्ली से बांधकर मृतक के घर के पास फेंक दिया।


जांच उपरांत थाना बीजादेही पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 120/25, धारा 105, 238, 3(5) भारतीय न्याय संहिता 2023 का प्रकरण पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जिला जेल भेजा गया है।


प्रकरण में आरोपियों से खेत में लगाए गए करंट के तार, मृतक की चप्पल, शव को ले जाने में प्रयुक्त रस्सी और लकड़ी की बल्ली बरामद की गई है।


इस कार्यवाही में थाना प्रभारी बीजादेही उप निरीक्षक रवि शाक्य, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी, सहायक उप निरीक्षक अवधेश वर्मा एवं आरक्षक 382 ऋषिराज राठौर, डॉग मास्टर विवेक गाडगे एवं आर चालक सतीश कुमार की विशेष भूमिका रही।