जो छात्र सीएम राइज स्कूल में प्रवेश मांग रहे हैं उन्हें दिया जाना चाहिए : जिला कांग्रेस अध्यक्ष 

बैतूल। बैतूलबाजार के पूर्व सीएम राइज स्कूल और वर्तमान के सांदीपनी स्कूल में स्थानीय छात्रों के प्रवेश को लेकर जो स्थिति है उस पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे ने कहा कि इसके लिए केवल और केवल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक जिम्मेदार है। उनका कहना है कि बैतूलबाजार के नागरिकों ने विधानसभा चुनाव में भर भरकर वोट देकर हेमंत खंडेलवाल को विधायक बनाया है। इसके बावजूद वहां के स्थानीय छात्रों को प्रवेश न मिलना, वहां के मतदाताओं के साथ धोखा है। उनका कहना है कि भाजपा के जिला अध्यक्ष भी बैतूलबाजार के है ओर वे तो नगरपालिका अध्यक्ष भी रह चुके हैं। ऐसे में उनकी भी नैतिक जिम्मेदारी है कि वे बैतूल बाजार में उस प्रत्येक छात्र को प्रवेश दिलवाए जो वहां पढ़ना चाहता है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत वागद्रे का कहना है कि उनके पास जो जानकारी आई है उसके अनुसार बैतूलबाजार में पहले नगरपरिषद प्राइमरी शाला, कन्या पुत्री माध्यमिक शाला, नदी पार प्राथमिक शाला और भवानीपुरा प्राथमिक शाला का संचालन होता था, जिसे सीएम राइज या वर्तमान सांदीपनी स्कूल में मर्ज कर दिया गया है। उनका कहना है कि जो बैतूलबाजार के लोगों ने बताया कि उसके मुताबिक करीब चार वर्ष पहले यह शालाएं बंद कर दी गई थी। ऐसी स्थिति में यहां पर पढ़ने वाले बच्चों को प्राइवेट स्कूल में प्रवेश लेना पड़ा। अब यही बच्चे जब सीएम राइज स्कूल में प्रवेश चाहते हैं तो इन्हें प्रवेश न देना धेखा ही नहीं नियम के विरूद्ध भी है।