किसी की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, तो किसी के जबड़े में चोट, यात्री ने स्पाइसजेट के कर्मचारियों को पीटा
नई दिल्ली: श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली उड़ान संख्या SG-386 के बोर्डिंग गेट पर एक यात्री के स्पाइसजेट के कर्मचारियों पर हमला करने का मामला सामने आया है. 26 जुलाई 2025 को हुई इस घटना में एयरलाइंस के चार कर्मचारियों के घायल होने की खबर है.
इस संबंध में स्पाइसजेट के एक प्रवक्ता ने कहा, "26 जुलाई 2025 को श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली उड़ान संख्या SG-386 के बोर्डिंग गेट पर एक यात्री ने स्पाइसजेट के चार कर्मचारियों पर गंभीर हमला किया. हमारे कर्मचारियों को लात और घूंसे से मारा गया और कतार में खड़ा कर दिया गया, जिससे एक कर्मचारी की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर और जबड़े में गंभीर चोटें आईं."
घायल कर्मचारियों को अस्पताल ले जाया गया
एयरलाइंस ने कहा कि स्पाइसजेट का एक कर्मचारी बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, लेकिन यात्री ने बेहोश कर्मचारी को लात-घूंसे मारना और पीटना जारी रखा. इस बीच एक अन्य कर्मचारी अपने बेहोश हुए सहकर्मी की मदद करने के लिए नीचे झुका तभी उसके जबड़े पर जोरदार लात मारी गई, जिससे उसकी नाक और मुंह से खून बहने लगा. घायल कर्मचारियों को अस्पताल ले जाया गया और गंभीर चोटों के कारण उनका इलाज किया गया.
एयरोब्रिज में जबरदस्ती घुसा पैसेंजर
प्रवक्ता ने बताया कि एक यात्री, जो एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी था. वह दो केबिन बैगेज ले जा रहा था जिनका कुल वजन 16 किलोग्राम था, जो अनुमत सीमा 7 किलोग्राम से दोगुना से भी ज्यादा था. जब उसे विनम्रतापूर्वक एक्स्ट्रा सामान के बारे में बताया गया और लागू शुल्क का भुगतान करने के लिए कहा गया, तो यात्री ने इनकार कर दिया और बोर्डिंग प्रक्रिया पूरी किए बिना ही जबरदस्ती एयरोब्रिज में घुस गया- जो विमानन सुरक्षा प्रोटोकॉल का स्पष्ट उल्लंघन था.
FIR दर्ज की गई
इसके बाद एक CISF अधिकारी उसे वापस गेट तक ले गया. गेट पर यात्री का व्यवहार और भी आक्रामक हो गया और उसने स्पाइसजेट ग्राउंड स्टाफ के चार सदस्यों के साथ मारपीट की. स्थानीय पुलिस में एक FIR दर्ज कर ली गई है और एयरलाइन ने नागरिक उड्डयन नियमों के अनुसार यात्री को नो-फ्लाई लिस्ट में डालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
स्पाइसजेट ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर अपने कर्मचारी पर हुए जानलेवा हमले की जानकारी दी है और यात्री के खिलाफ उचित कार्रवाई का अनुरोध किया है. एयरलाइन ने हवाईअड्डा अधिकारियों से घटना का सीसीटीवी फुटेज हासिल कर पुलिस को सौंप दिया है.


जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक
एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
निवाड़ी में विकास का नया अध्याय आरंभ हो रहा है: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
हादसे के बाद प्रशासन सख्त, सुपरवाइजर पर गिरी गाज और कंपनी हुई ब्लैकलिस्ट