जयकारों के साथ हुई मां ताप्ती की महाआरती, बुधवार को मां ताप्ती जन्मोत्सव पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब

*जयकारों के साथ हुई मां ताप्ती की महाआरती, बुधवार को मां ताप्ती जन्मोत्सव पर उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब*
*मुलताई*✍️ विजय खन्ना
पुण्यसलिला सूर्यपुत्री मां ताप्ती के उद्गम स्थल पर जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर जयकारों के साथ माता रानी की महाआरती संपन्न हुई। मंगलवार शाम में सूर्य पुत्री मां ताप्ती तीर्थ क्षेत्र न्यास के तत्वाधान में आयोजित हो रहे ताप्ती जन्मोत्सव सप्ताह के तहत महाआरती का आयोजन हुआ ।महा आरती में राष्ट्रीय संत विवेकजी, विधायक चंद्रशेखर देशमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शिव शंकर जी सहित अन्य अतिथियों ने प्रमुख रूप से उपस्थिति दर्ज कराई। ताप्ती सरोवर के जगदीश मंदिर के सामने स्थित घाट पर पूजा अर्चना के उपरांत महाआरती का आयोजन हुआ। इस दौरान जय मां ताप्ती के जयकारों से पूरा परिक्रमा मार्ग गूंज उठा। रिमझिम बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाआरती में उपस्थित रहकर मां ताप्ती की आराधना की ।इस दौरान महिलाओं की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। वही मंगलवार दोपहर में न्यास के तत्वाधान में मां ताप्ती बनो प्रतियोगिता का आयोजन हुआ ।जिसमें एक सैकड़ा से अधिक बालिकाओं ने मा ताप्ती का रूप धारण कर सहभागिता निभाई। यह बालिकाएं महा आरती में भी उपस्थिति रही। बुधवार को मां ताप्ती का जन्मोत्सव उल्लास एवं भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। जन्मोत्सव को लेकर ताप्ती मंदिरों में फूलों से आकर्षक सजावट की गई है। वही पूरा परिक्रमा मार्ग रोशनी से जगमगा रहा है। बुधवार सुबह से ही मां ताप्ती मंदिर में अभिषेक अनुष्ठान के साथ जन्मोत्सव के कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। वही दोपहर मां ताप्ती की भव्य शोभा यात्रा निकलेंगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां भी शामिल रहेंगी।