*श्री राम मंदिर परिसर में जल कलश पूजन उपरांत मां ताप्ती जल कलश लेकर 125 ग्रामों में पहुंचे कार्यकर्ता ,सूर्यपुत्री मां ताप्ती तीर्थ क्षेत्र न्यास के तत्वाधान मे आयोजित होंगे सात दिवसीय कार्यक्रम

*श्री राम मंदिर परिसर में जल कलश पूजन उपरांत मां ताप्ती जल कलश लेकर 125 ग्रामों में पहुंचे कार्यकर्ता ,सूर्यपुत्री मां ताप्ती तीर्थ क्षेत्र न्यास के तत्वाधान मे आयोजित होंगे सात दिवसीय कार्यक्रम*
*मुलताई*✍️ विजय खन्ना
सूर्यपुत्री मां ताप्ती तीर्थ क्षेत्र न्यास के तत्वाधान में आयोजित हो रहे ताप्ती जन्मोत्सव सप्ताह का शुभारंभ गुरुवार को ताप्ती सरोवर के तट पर स्थित श्री राम मंदिर में मां ताप्ती जल कलश पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम में अतिथि बतौर उपस्थित श्रीधाम गोवर्धन के डॉक्टर विश्वामित्रशरण देवाचार्य, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गढेकर, न्यास अध्यक्ष हेमंत शर्मा सहित न्यास के सदस्यों और गणमान्य नागरिकों ने पंडित अशोक शर्मा के मार्गदर्शन में कलश पूजन किया।कार्यक्रम में न्यास के सदस्य रितेश विश्वकर्मा ने मंच संचालन करते हुए बताया सूर्यपुत्री तीर्थ क्षेत्र न्यास मां ताप्ती जन्मोत्सव के माध्यम से प्रकृति संरक्षण,मेरा गांव मेरा तीर्थ विषयों पर कार्य कर रहा है। हर ग्राम में सामाजिक समरसता,गौ समाधि गौ संवर्धन, जल संरक्षण इन विषयों पर कार्य हो रहा है। वही अब ताप्ती सरोवर के तट पर स्थित ग्राम धाबला, डोहलन और बलेगांव में भी न्यास की ग्रामीण समिति के सदस्यों द्वारा महाआरती का आयोजन प्रारंभ कर दिया गया है।
न्यास के सदस्य डॉक्टर राजेंद्र ठाकुर ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया वर्ष 2008 में माह की प्रति पूर्णिमा पर मां ताप्ती की महाआरती के आयोजन की शुरुआत हुई थी। जो आज सतत रूप से जारी है ।वही मां ताप्ती की प्रेरणा से न्यास गठित कर वर्ष 2015 से जन्मोत्सव सप्ताह कार्यक्रम का आयोजन प्रारंभ किया गया था। सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण जल संरक्षण स्वच्छता सहित अन्य विषयों पर 125 ग्रामों में कार्य किए जा रहे हैं।कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने कहा न्यास के माध्यम से तीर्थ क्षेत्र में जो कार्य किए जा रहे हैं वह अनुकरणीय है। डॉक्टर विश्वामित्र शरण देवाचार्य ने अपने उद्बोधन में मां ताप्ती की महिमा बताते हुए सभी को जन्मोत्सव की बधाई दी।उद्बोधन के उपरांत ग्रामीण अंचल से आए कार्यकर्ताओ को जल कलश वितरित किए गए। कार्यकर्ता कलश लेकर अपने ग्राम रवाना हुए। कार्यकर्ता गुरुवार को ही ग्राम के मंदिर में मां ताप्ती कलश की स्थापना कर मंदिरों में ध्वजारोहण करेंगे। कार्यक्रम के समापन पर ताप्ती सरोवर के परिक्रमा मार्ग से ध्वज यात्रा निकालकर जयकारों के साथ ताप्ती सरोवर के मध्य में ध्वजारोहण किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही। न्यास के अध्यक्ष हेमंत शर्मा ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। न्यास के सदस्यों ने बताया जन्मोत्सव सप्ताह के दूसरे दिन शुक्रवार को स्वच्छता कार्यक्रम के तहत नगर के साथ प्रत्येक ग्राम में देवालय,विद्यालय सहित आवासीय क्षेत्रों में सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए सफाई अभियान चलाया जाएगा।