*धरना प्रदर्शन के बाद मिले आश्वासन के बाद भी बिरूल बाजार मार्ग का निर्माण कार्य नहीं हुआ प्रारंभ, आक्रोशित  ग्रामीणों ने किया पुनः सांकेतिक  प्रदर्शन*


*मुलताई*✍️ विजय खन्ना 


मुलताई बिरूल बाजार मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर मार्ग का निर्माण जल्द प्रारंभ नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। सोमवार को ग्राम बिरूल बाजार, पिसाटा सहित अन्य ग्रामों के ग्रामीणों ने अधूरे मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू करने की मांग को लेकर मार्ग पर लगभग एक घंटा सांकेतिक रूप से प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि बिरूल बाजार से मुलताई की ओर बनने वाले मार्ग का निर्माण कार्य दो साल से बंद है। जिससे मार्ग पूरी तरह से खराब हो
चुका है। जिससे परेशान आधा दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने अब
सामूहिक रूप से आंदोलन करने का निर्णय लिया है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे जे डी पाटिल ने बताया मुलताई से बिरूल बाजार की दूरी 13.8 किमी है। इस मार्ग पर जगह-जगह गड्‌डे और पत्थर होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। मार्ग निर्माण के लिए ठेकेदार को दो साल पहले कार्यादेश जारी हुआ था। मार्ग का निर्माण कार्य एक साल में पूरा होना था। समयावधि पूरी होने के बाद भी अभी तक मार्ग का
निर्माण नहीं हो पाया है। मार्ग को खोदने से आवाजाही में मुश्किल हो रही है। ग्रामीणों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने
की चेतावनी दी है। गौरतलब है कि 
सड़क निर्माण की मांग को लेकर बीते जनवरी महीने में आधा दर्जन गांवों के
ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया था। एक पखवाड़े तक धरना देने के बाद
अधिकारियों के आश्वासन पर प्रदर्शन को  स्थगित किया था। इसके बाद
ठेकेदार ने एक किमी मार्ग का निर्माण शुरू कर डामर डाला। होली का त्योहार आने से निर्माण कार्य बंद हो गया था इसके बाद से आज तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण कैलाश, प्रवीण ,निलेश ,श्यामू ,राहुल ,सुखदेव गणपत ,कमलाबाई, सुनंदा बाई, अरुणा बाई सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे 

*इनका कहना*

 बिरूल बाजार मार्ग का निर्माण
कार्य जल्द शुरू होगा। पूर्व के ठेकदार का ठेका निरस्त कर दूसरे ठेकेदार
का निर्माण का ठेका दिया गया है। नए ठेकदार को कार्यादेश भी जारी किया जा चुका है। दस दिन के भीतर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। बारिश के पहले मार्ग का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।

*राजेश राय*

*एसडीओ पीडब्ल्यूडी मुलताई*