*वाहन चालक के अंधे क़त्ल का हुआ खुलासा,दो आरोपियों द्वारा की गई मारपीट में घायल हुआ था युवक* *एक आरोपी गिरफ्तार*

मुलताई ✍️ विजय खन्ना 

प्रभातपट्टन के सरकारी अस्पताल में घायल अवस्था में लाए गए युवक की मौत के प्रकरण में दो आरोपियों द्वारा युवक के साथ मारपीट कर हत्या करने का खुलासा पुलिस ने किया है।
थानाप्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया बीते 16 फरवरी को डायल हंड्रेड को सूचना प्राप्त हुई थी कि वरुड मार्ग पर स्थित गौनापुर वन चौकी के पास एक अज्ञात व्यक्ति आने-जाने वाले वाहनों को रोक रहा है और जोर-जोर से चिल्ला रहा है। सूचना पर डायल हंड्रेड टीम तत्काल मौके पर पहुंची और व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सदाशिव ठाकरे निवासी  ग्राम बोमल्या, थाना लावाघोघरी, जिला छिंदवाड़ा बताया।सदाशिव के शरीर पर चोटों के निशान थे और वह केवल पैंट पहने हुए था। पुलिस टीम ने गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल सदाशिव को  शासकीय अस्पताल, प्रभातपट्टन में भर्ती कराया ओर परिजनों को सूचित किया। उपचार के दौरान रात में सदाशिव ठाकरे की मृत्यु हो गई थी।
इस स्थिति में  पुलिस चौकी प्रभात पट्टन में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

*जांच में हुआ हत्या का खुलासा*

मर्ग जांच के दौरान गौनापुर वन चौकी और आसपास के लोगों से पूछताछ एवं गोपनीय रूप से जानकारी एकत्र की गई। जिससे पता चला कि सदाशिव ठाकरे बस से वरूड़ की ओर से आकर गौनापुर वन चौकी के सामने उतरा था और वहां खेतों की ओर जाकर लोगों से गाली-गलौच कर रहा था।इसी दौरान भीमसिंह उड़के उसे अपने साथ लेकर वन चौकी के सामने लाया, जहां संजय उइके पहले से मौजूद था। सदाशिव ठाकरे फिर से सड़क पर चिल्लाने लगा और वाहनों को रोकने लगा। इस बात पर भीमसिंह उईके एवं संजय उइके ने सदाशिव को सड़क से हटाकर मारपीट शुरू कर दी।आरोपियों ने हाथ, लात, घूंसों एवं पत्थरों से हमला किया और उसके बाद रस्सी से बांध दिया ।सदाशिव ठाकरे ने किसी तरह खुद को रस्सी से छुड़ाया,और दोबारा वाहनों को रोकने लगा।
सूचना पर डायल हंड्रेड मौके पर पहुंची और घायल सदाशिव को प्रभात पट्टन के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

*एक आरोपी को किया गिरफ्तार*

प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाया जाने पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 130/25 धारा 103(1), 3(5) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।आरोपियों की तलाश हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई।टीम ने भीमसिंह पिता अजबसिंह उइके 45 साल, निवासी गौनापुर  को  घेराबंदी कर गिरफ्तार किया  और आरोपी की निशानदेही पर मृतक के घटना के समय पहने हुए कपड़े और घटना में प्रयुक्त रस्सी जप्त 
की है। फरार आरोपी संजय उईके की गिरफ्तारी हेतु पुलिस जुटी हुई है।

 *पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका* 

अंधे कत्ल का खुलासा करने और एक आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक नेपालसिंह ठाकुर, उपनिरीक्षक छत्रपाल धुर्वे, प्रधान आरक्षक डुमलेश्वर , आरक्षक प्रिंस , विशाल चौरसिया, सेवाराम और सैनिक दिनेश रघुवंशी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।