*दो दुर्घटना ,अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग और ट्रेक्टर की चपेट मे आने से बालिका की मौत

*दो दुर्घटना ,अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग और ट्रेक्टर की चपेट मे आने से बालिका की मौत*
*मुलताई* ✍️ विजय खन्ना
थाना क्षेत्र में घटित दो अलग अलग दुर्घटनाओं में एक बुजुर्ग और एक बालिका की मौत हो गई। पहली दुर्घटना में थाना क्षेत्र के ग्राम चंदोराकला से बिरूलबाजार जाने वाले मार्ग पर जा रही बाइक को विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक पर सवार एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि एक अधेड़ घायल हो गया। ग्राम बिरूलबाजार निवासी सुरेश पिता महादेव 60 साल और सखाराम 50 साल गुरुवार दोपहर में बाइक पर सवार होकर ग्राम चंदोराकला से बिरूलबाजार जाने वाले मार्ग से जा रहे थे। दोपहर 3 बजे के दरमियान मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। निजी वाहन से दोनों घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लाया। जहां डॉक्टर ने जांच के उपरांत सुरेश को मृत घोषित कर दिया। सखाराम को हाथ और पैर में गंभीर चोट आई। डॉक्टर ने उपचार के बाद घायल सखाराम को जिला अस्पताल रेफर किया। परिजन निजी अस्पताल में उपचार के लिए लेकर गए हैं।
वही दूसरी दुर्घटना में प्रभातपट्टन ब्लॉक के ग्राम माझरी में ट्रैक्टर की चपेट में आने से डेढ़ साल की बालिका की मौत हो गई। माझरी से रामनगर जा रहे ट्रैक्टर की
चपेट में डेढ़ वर्षीय हंसिका पिता आनंदराव उइके आ गई। हंसिका गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हंसिका के सिर में गंभीर चोट आने से परिजन उपचार के लिए
वरूड़ के अस्पताल ले जा रहे थे। रास्ते में ही हंसिका की मौत हो गई। परिजनों ने मासोद पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी। प्रधान आरक्षक रामकृष्ण सिलाले ने बताया
मर्ग कायम कर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।