भोपाल । प्रदेश में धूप निकलने की वजह से अब दिन का तापमान बढ़ने लगा है तो बादल छंटने से रात के तापमान में गिरावट भी होने लगी है। तूफान मिचौंग का असर समाप्त हो चुका है। हरियाणा एवं अरब सागर पर हवा के ऊपरी भाग में बने चक्रवात भी समाप्त हो चुके हैं। हालांकि पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, शहडोल, रीवा संभाग के जिलों में कुछ बादल बने हुए हैं और प्रदेश के शेष क्षेत्रों से बादल छंटने लगे हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, मौसम साफ होने के कारण अब न्यूनतम तापमान में और गिरावट होगी। प्रदेश में सबसे कम 13.3 डिग्री सेल्सियस तापमान ग्वालियर में दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा 12.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा।  मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि हवाओं के साथ नमी आने का सिलसिला कम होने लगा है। इस वजह से बादल छंटने लगे हैं। अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है, साथ ही रात के तापमान में अब गिरावट का सिलसिला शुरू होने लगा है। 11 दिसंबर को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में पहुंचने पर एक बार फिर रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अशफाक हुसैन ने बताया कि मिचौंग तूफान समाप्त हो चुका है। वर्तमान में प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उसका प्रदेश के मौसम पर असर पड़ने की संभावना नहीं है।