बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा आज दुनियाभर में एक जाना-माना नाम हैं। साउथ फिल्म इंडस्ट्री से करियर की शुरुआत करने वाली प्रियंका अब एक ग्लोबल स्टार बन चुकी हैं। अंतराष्ट्रीय मंच पर एक्ट्रेस कई बड़े सेलेब्स के साथ काम कर चुकी हैं और लगातार अपने नए प्रोजेक्ट्स के कारण चर्चा बटोर रही हैं।

प्रियंका चोपड़ा ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरूआत फिल्म हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई के साथ की थी, जो 11 अप्रैल 2003 को रिलीज हुई थी। यानी साल 2023 में एक्ट्रेस ने बॉलीवुड में 20 सालों का सफर पूरा कर लिया है। हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई में सनी देओल और प्रीति जिंटा लीड रोल में थे, जबकि प्रियंका सेकेंड फीमेल लीड थीं। फिल्म हिट रही और मेन लीड न होते हुए भी प्रियंका ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके बाद एक्ट्रेस बस आगे बढ़ती गईं और फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।

प्रियंका चोपड़ा ने करियर की शुरुआत में ज्यातार ग्लैमरस रोल निभाए। बाद में उन्होंने गंभीर मुद्दों पर बनी फिल्मों में भी हाथ आजमाया और अपनी उम्दा एक्टिंग से हर किसी को हैरान किया। फिल्म फेयर से लेकर नेशनल अवॉर्ड जीतने तक, प्रियंका की झोली में कई अवॉर्ड्स हैं, जो एक शानदार एक्ट्रेस बनने के उनके खूबसूरत सफर की कहानी बयां करते हैं। आइए जानते हैं प्रियंका की उन फिल्मों के बारे में जो उनके करियर में लैंडमार्क साबित हुई...

मैरी कॉम

ये फिल्म महिला बॉक्सर मैरी कॉम के जीवन पर आधारित है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे मणिपुर के गांव के एक गरीब परिवार में पैदा हई साधारण-सी लड़की ने सारी बधाओं को पार करके दुनियाभर में अपना मुकाम बनाया।

मैरी कॉम के लिए प्रियंका चोपड़ा ने हर एक बारीकी पर ध्यान दिया। बॉक्सिंग से लेकर एथलीट की बॉडी तक एक्ट्रेस ने बॉक्सर की हर खूबी को अपने अंदर ढाल लिया। मैरी कॉम के जीवन को सिल्वर स्क्रीन पर उतारने के लिए प्रियंका ने खूब खून पसीना बहाया था। फिल्म में उनकी शानदार एक्टिंग ने लोगों को अपनी कुर्सी से हिलने नहीं दिया। 

बर्फी 

प्रियंका चोपड़ा ने बर्फी में झिलमिल चटर्जी नाम की एक ऑटिस्टिक लड़की का किरदार निभाया। ये प्रियंका के निभाए सबसे यादगार किरदारों में से एक है। बर्फी एक ऐसी फिल्म थी, जिसमें एक्ट्रेस नॉन ग्लैमरस लुक के बावजूद बेहद प्यारी लगीं। फिल्म में उनकी एक्टिंग देखकर हर कोई दंग रह गया। एक्ट्रेस ने ऑटिस्टिक लड़की का किरदार इतनी गंभीरता के साथ निभाया, जैसे वो खुद इससे जूझ चुकी हो। अनुराग बसु के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने प्रियंका को ऑडियंस और क्रिटिक्स दोनों से तरीफें दिलाई।

फैशन 

फैशन, मेघना माथुर नाम की एंबिशन्स से भरी एक आम लड़की की कहानी है, जो नाम और पैसा कमाने के लिए परिवार से लड़कर मुंबई आती है। मेघना को जल्द ही सफलता भी मिल जाती है और वो सुपरमॉडल बन जाती है, लेकिन धीरे-धीरे उसे समझ आता है कि चका-चौध से भरी इस दुनिया का अलसी चेहरा कितना निर्दयी है।

ग्लैमर इंडस्ट्री में बढ़ते कॉम्पीटीशन और मॉडल्स के ड्रिप्रेशन से जूझने की कहानी को भी फैशन के जरिए दिखाया गया। फिल्म देखने वाले को सोचने पर मजबूर कर देती है। माधुर भंडारकर के डायरेक्शन और प्रियंका की दमदार एक्टिंग ने फैशन को सुपरहिट बना दिया। इस फिल्म के लिए प्रियंका ने बेस्ट एक्ट्रेस का नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी जीता।

बाजीराव मस्तानी 

संजय लीला भंसाली की इस ऐतिहासिक रोमांटिक पीरियड ड्रामा फिल्म ने खूब चर्चा बटोरी। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा ने पेशवा बाजीराव की पहली पत्नी काशीबाई का किरदार निभाया। बाजीराव मस्तानी में प्रियंका सपोर्टिंग रोल में थीं, लेकिन उनकी कमाल की एक्टिंग ने उनकी परफॉर्मेंस को यादगार बना दिया।

बाजीराव मस्तानी में एक्ट्रेस पहली बार एक मराठी औरत के किरदार में नजर आईं। काशीबाई के रोल में उन्होंने बोलने में मराठी लहजे से लेकर राजशी ठाठ-बाठ तक, हर एक बारीकी की नस को बखूबी पकड़ा। बाजीराव मस्तानी के लिए एक्ट्रेस ने बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी अपने नाम किया

एतराज 

प्रियंका चोपड़ा ने इस फिल्म में भी सेकेंड लीड का किरदार निभाया। एतराज में एक्ट्रेस ने सोनिया रॉय नाम का नेगेटिव रोल प्ले किया। बावजूद इसके उन्होंने लीड एक्ट्रेस से ज्यादा चर्चा बटोरी। फिल्म में एक्ट्रेस एक महात्वकांक्षी, लेकिन लालची औरत के किरदार में थीं। एतराज में प्रियंका ने बोल्डनेस के साथ-साथ इंटेंस एक्टिंग कर खूब तरीफें बटोरी। क्रिटिकली अक्लेम्ड इस फिल्म में उनके साथ करीना कपूर और अक्षय कुमार भी थे।

सात खून माफ 

विशाल भारद्वाज के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म रस्किन बॉन्ड के नावेल सुजाना और उसके 7 पतियों पर आधारित है। फिल्म में प्रियंका ने अन्ना-मैरी जोहान्स नाम की एक उलझी हुई महिला का किरदार निभाया है, जो सच्चे प्यार की तलाश में सात बार प्यार करती है और सात बार शादी भी करती है, लेकिन जब भी उसे पति के प्यार में अधूरापन नजर आता है वो उसकी खूंखार निर्मम हत्या भी कर देती है।

फिल्म में प्रियंका जहरीले सांप, मशरुम से लेकर बंदूक तक, कई अलग-अलग तरीकों से हत्या करती हुई नजर आईं। सात खून माफ में प्रियंका का कॉम्पलेक्स किरदार और सस्पेंस देखने वाले को अंत तक बांधकर रखता है। इस फिल्म में प्रियंका ने उम्दा एक्टिंग का एक और नमूना पेश किया।