केरल के कोट्‌टायम में एक वाइफ स्वैपिंग रैकेट (पत्नी के अदला-बदली) का पर्दाफाश हुआ है। रैकेट चलाने वाले 7 लोगों को रविवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। एक सदस्य की पत्नी की तरफ से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने कहा कि 7 लोग गिरफ्तार किए गए हैं और 25 लोगों पर नजर रखी जा रही है। अगले कुछ दिनों में और लोगों की गिरफ्तारी होगी।

महिला ने करुकाचल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पति ने उसे दूसरे पुरुषों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। महिला ने बताया कि उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया जाता था। आरोपी पति को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस को बड़े नेटवर्क के सुराग मिले। पुलिस ने बताया है कि रैकेट से करीब 5000 कपल्स जुड़े थे।

करुकाचल पुलिस ने बताया कि यह रैकेट फेसबुक और टेलीग्राम जैसे कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए ऑपरेट करता था। अधिकारियों ने बताया कि रैकेट के सदस्यों में कई हाई-प्रोफाइल लोग भी शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए लोग कोट्‌टायम, पथनमथिट्‌टा और अलापुझा जिले के हैं। रैकेट में शामिल कपल्स जब भी मिलते थे, अपनी पत्नियों को एक्सचेंज करते थे। कई बार एक महिला को एक ही समय पर तीन पुरुष शेयर करते थे। कई सिंगल लड़के दूसरे पुरुषों के पार्टनर शेयर करने के लिए पैसे भी देते थे।

ऐसे एक्सचेंज की जाती थीं पत्नियां

एक अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए एक-जैसे लोगों को चुना जाता था और प्राइवेट 'कपल स्वैपिंग' ग्रुप्स में पत्नियां एक्सचेंज की जाती थीं। इस रैकेट से कई लोग फेसबुक से जुड़े थे। रैकेट फेक सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल करता था, इसलिए इससे जुड़े सभी लोगों को पकड़ने में समय लगेगा।

पुलिस ने कहा कि इस मामले की गहन जांच जारी है। मामले से जुड़े लोगों की सारी जानकारी निकाली जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या इस ग्रुप के लोग किसी और ग्रुप के लोगों के साथ भी रिलेशनशिप में हैं।